POCSO Threat Case Pune Police: पुणे पुलिस से वर्दी की बदनामी का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर 'रील स्टार' के नाम से मशहूर दामिनी स्क्वॉड की महिला कॉन्स्टेबल सोनाली हिंगे समेत तीन पुलिसकर्मियों पर 55 वर्षीय पॉलिटेक्निक कॉलेज प्रिंसिपल से 7 लाख रुपये की उगाही करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी कथित तौर पर 'गुड टच-बैड टच' जागरूकता सत्र का बहाना बनाकर स्कूल पहुंचे, जहां उन्होंने एक नाबालिग छात्रा को गुमराह कर झूठी शिकायत दर्ज करवाई। जिसके बाद प्रिंसिपल को POCSO एक्ट में फंसाने की धमकी देकर पैसे ऐंठे।
क्या है पूरा मामला?
प्रिंसिपल ने बुंदगार्डन पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR में बताया कि जुलाई 2025 के आखिरी हफ्ते में तीनों पुलिसकर्मी उनके कॉलेज पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि वे 'गुड टच-बैड टच' अवेयरनेस सेशन लेने आए थे। सेशन के दौरान आरोपियों ने एक नाबालिग छात्रा को फंसाकर प्रिंसिपल के खिलाफ यौन उत्पीड़न की झूठी शिकायत लिखवाई। इसके बाद सब-इंस्पेक्टर अजीत बडे, कॉन्स्टेबल सोनाली हिंगे और कॉन्स्टेबल सुदाम तायडे ने प्रिंसिपल को बुलाकर धमकाया कि उनके खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया जाएगा, गिरफ्तारी होगी और बदनामी का सामना करना पड़ेगा। डर और प्रतिष्ठा बचाने के लिए प्रिंसिपल ने उनकी सभी बातें मान ली औऱ 7 लाख रुपये नकद भी दे दिए। पुलिस सूत्रों के मुताबिक पैसे देने के बाद भी आरोपियों ने और धमकियां दीं। आखिर में प्रिंसिपल ने हिम्मत जुटाकर वरिष्ठ अधिकारियों से शिकायत की।
पुलिस की कार्रवाई
पुणे पुलिस कमिश्नर अमितेश कुमार ने मामले का संज्ञान लेते हुए उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बुंदगार्डन पुलिस स्टेशन में FIR दर्ज होने के बाद क्राइम ब्रांच अब पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। अभी तक तीनों आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया है, लेकिन उनकी तलाश जारी है।
बता दें, कॉन्स्टेबल सोनाली हिंगे, जो सोशल मीडिया पर रील्स बनाकर 'रील स्टार' के नाम से फेमस है, वह शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में दामिनी मार्शल के रूप में तैनात हैं। तो वहीं, सब-इंस्पेक्टर अजीत बडे साइबर पुलिस स्टेशन में तैनात है। कॉन्स्टेबल सुदाम तायडे शिवाजीनगर पुलिस स्टेशन में तैनात है।