Hyderabad Hit and Run Case: हैदराबाद के रंगारेड्डी जिले के मीरपेट इलाके से भयानक सड़क हादसे का मामला सामने आया है। यहां एक कार ने पहले टू-व्हीलर सवार पिता-बेटे को टक्कर मारी। फिर गुस्से में ड्राइवर ने पिता को कार के बोनट पर चढ़ाकर करीब 2 किलोमीटर तक घसीटा। इस पूरी घटना में दोनों को गंभीर रूप से चोट आई हैं।
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये मामला एसके जिलानी (60 वर्ष) और उनके बेटे फैसल (26 वर्ष) से जुड़ा हुआ है। जो गायत्री नगर से एल.बी. नगर की ओर बाइक पर जा रहे थे। तभी अचानक एक कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों पक्षों में बहस छिड़ गई। यह बहस इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच हाथापाई होने लगी। लेकिन जब कार ड्राइवर भागने लगा, तो पीड़ित पिता कार को रोकने की कोशिश करते हुए कार के बोनट पर चढ़ गए, फिर भी ड्राइवर ने कार रोकने की बजाय स्पीड और तेज कर ली।
इस दौरान कारी की रफ्तार इतनी तेज थी कि जिलानी करीब 2 किलोमीटर तक बोनट पर लटके रहे, लेकिन कार नहीं रोकी। आखिरकार मंडमल्लम्मा चौक पर राहगीरों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए कार को घेर लिया। हालांकि, ड्राइवर कार से उतरा और मौके से फरार हो गया।
पीड़ितों की हालत गंभीर
ड्राइवर के साथ हुई हाथापाई में पीड़िता बाप-बेटे दोनों को गंभीर चोटें आईं। जिसके बाद उन्हें इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया दूसरी तरफ, मीरपेट पुलिस स्टेशन ने तुरंत मामला दर्ज करते हुए छानबीन शुरु कर दी है। फिलहाल पुलित CCTV फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, पीड़ितों और जिन्होंने उनकी जान बचाई सभी से पूछताछ कर उनके बयान दर्ज कर रही है। बता दें, आरोपी ड्राइवर फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही हैं।