KhabarFast

LPG Cylinder: एलपीजी सिलेंडर फिर हुआ महंगा, जानें कितने बढ़े रेट

Parth Jha | 01 Jun, 2026

LPG Cylinder Price: सरकारी तेल कंपनियों ने एक बार फिर कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी कर दी है। 19 किलो वाले कमर्शियल गैस सिलेंडर के दाम में 53.50 रुपये तक की वृद्धि की गई है। नई दरें आज से लागू हो गई हैं। हालांकि घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत की बात यह है कि 14.2 किलो वाले घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

नई कीमतों के अनुसार दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमत बढ़कर 3,113.50 रुपये हो गई है। कोलकाता में इसकी कीमत 53.50 रुपये बढ़कर 3,255.50 रुपये पहुंच गई है। मुंबई में यह सिलेंडर अब 3,067.50 रुपये का मिलेगा, जबकि चेन्नई में इसकी नई कीमत 3,283 रुपये निर्धारित की गई है।

उद्योग सूत्रों के मुताबिक 5 किलो वाले एलपीजी सिलेंडर, जिसे आमतौर पर ‘छोटू सिलेंडर’ कहा जाता है, की कीमत में भी 11 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। दिल्ली में इसकी कीमत अब 821.50 रुपये हो गई है।

विशेषज्ञों का मानना है कि कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार हो रही वृद्धि का असर होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा और कैटरिंग व्यवसाय पर पड़ सकता है। 19 किलो वाले सिलेंडर का उपयोग मुख्य रूप से व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में किया जाता है, इसलिए इसकी कीमत बढ़ने से बाहर खाने-पीने की लागत भी बढ़ सकती है।

गौरतलब है कि 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में लगातार सातवीं बार वृद्धि की गई है। इसे आम बोलचाल में ‘हलवाई सिलेंडर’ भी कहा जाता है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में की गई है जब सरकार देश में पेट्रोलियम उत्पादों की पर्याप्त उपलब्धता होने की बात कह रही है।

उद्योग से जुड़े सूत्रों का दावा है कि मौजूदा कीमतों के बावजूद सरकारी तेल कंपनियों को प्रत्येक कमर्शियल सिलेंडर पर लगभग 700 रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। हालांकि इस संबंध में कंपनियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।