Jammu-Kashmir News: जम्मू-कश्मीर की श्रीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ ळगी है। श्रीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े एक अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल का खुलासा किया है। इस ऑपरेशन में दो पाकिस्तानी आतंकियों सहित पांच को दबोचा है। फिलहाल सभी से पूछताछ जारी है और आगे की जांच जारी है।
जानकारी के मुताबिक, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने एक अभियान के तहत राजस्थान, हरियाणा सहित कई राज्यों के कुल 19 ठिकानों पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पुलिस को आतंकी संगठन से जुड़े कई आपत्तिजनक सामान बरामद हुए।
5 अप्रैल को दिखे थे संदिग्ध
इससे पहले 5 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के सांबा में तीन संदिग्ध व्यक्तियों के देखे जाने से हड़कंप मच गया था। इसके बाद सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन शुरू किया। दरुई क्षेत्र के बेध खड्ड के एक निवासी ने बताया कि उसने सूख चुके नाले के किनारे तीन संदिग्ध व्यक्तियों को देखा, जिनमें से एक के पास भारी बैग था। अधिकारियों के मुताबिक, उनके पास कोई हथियार तो नहीं दिख रहे थे लेकिन फिर भी उन्हें संदिग्ध आतंकवादी मानते हुए स्थानीय पुलिस के विशेष अभियान समूह ने सेना और अर्द्धसैनिक बलों की सहायता से सर्च ऑपरेशन शुरू किया था।
अधिकारियों ने क्या कहा
अधिकारियों ने बताया था कि गांव और आसपास के क्षेत्रों में सर्च ऑपरेशन चलाया गया। हालांकि, कोई संदिग्ध सामान बरामद नहीं हुआ था। स्थानीय लोगों को भी अलर्ट कर दिया गया था। साथ ही किसी बाहरी व्यक्ति को शरण न देने और उससे दूर रहने की हिदायत दी गई थी। अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्धों के आतंकवादी होने की आशंका को ध्यान में रखते हुए गांव और उसके आसपास के इलाकों की घेराबंदी की गई। सुरक्षा बल हर कोने की बारीकी से तलाशी ली थी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की निगरानी की गई।