KhabarFast

गुजरात टाइटन्स में मौका न मिलने पर बोले जेसन होल्डर, कहा- तैयार रहना ही खिलाड़ी का काम

Shivani Jha | 21 Apr, 2026

Jason Holder Interview: आईपीएल 2026 में गुजरात टाइटन्स के अनुभवी ऑलराउंडर जेसन होल्डर ने टीम में अपनी अनदेखी को लेकर चल रही चर्चाओं पर साफ प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि प्लेइंग इलेवन को लेकर बहस में पड़ना “अनावश्यक ऊर्जा खर्च” करने जैसा है। 34 वर्षीय होल्डर इस सीजन 7 करोड़ रुपये में टीम से जुड़े हैं, लेकिन अब तक उन्हें एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला है। टीम मैनेजमेंट फिलहाल विदेशी खिलाड़ियों के तौर पर जोस बटलर, राशिद खान, ग्लेन फिलिप्स और कगिसो रबाडा के संयोजन पर भरोसा कर रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान होल्डर ने कही ये बात 

पीटीआई से बातचीत में होल्डर ने कहा कि कौन खेलेगा और कौन नहीं, इन बातों में उलझना ठीक नहीं है। एक खिलाड़ी का काम है कि वह हमेशा तैयार रहे और मौका मिलने पर अच्छा प्रदर्शन करे।” उन्होंने यह भी कहा कि अब वह उस सोच से आगे बढ़ चुके हैं, जिसमें उन्हें लगता था कि मौके खुद मिल जाएंगे।होल्डर ने कहा कि अब मैं सिर्फ अपने खेल पर ध्यान देता हूं। जब भी मौका मिलेगा, मैं उसे पूरी तरह से भुनाने की कोशिश करूंगा। 

गुजरात टाइटन्स को मिली हार 

इस बीच गुजरात टाइटन्स को हाल ही में मुंबई इंडियंस के खिलाफ करारी हार का सामना करना पड़ा। अहमदाबाद में खेले गए मैच में टीम 200 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए सिर्फ 100 रन पर ऑलआउट हो गई और 99 रन से हार गई। इस हार के बाद टीम के बल्लेबाजों की काफी आलोचना हो रही है। कप्तान शुभमन गिल की अगुवाई में टीम अब पॉइंट्स टेबल में टॉप-5 से बाहर हो गई है और उसका नेट रन रेट भी काफी खराब हो गया है। ऐसे में टीम कॉम्बिनेशन को लेकर सवाल उठने लगे हैं और होल्डर एक मजबूत विकल्प के रूप में देखे जा रहे हैं।

गुजरात टाइटन्स कर सकती है वापसी की कोशिश 

होल्डर गेंदबाजी के साथ-साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी भी कर सकते हैं, जिससे टीम को संतुलन मिल सकता है। उन्होंने हार पर कहा कि अब हमारे पास आगे बढ़ने और बेहतर करने के अलावा कोई विकल्प नहीं है। टीम में माहौल अच्छा है और हमने सुधार को लेकर चर्चा की है। गुजरात टाइटन्स अब अपना अगला मुकाबला 24 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ खेलेगी, जहां टीम वापसी की कोशिश करेगी। 
Also read: IPL 2026: चेन्नई सुपर किंग्स को डबल झटका, इन-फॉर्म बैटर बाहर हुए, जानें क्या है वजह