KhabarFast

इजरायल के हमले में ईरान के एक और मंत्री की मौत; खुफिया विभाग के कई अफसर भी मारे गए

Parth Jha | 02 Mar, 2026

Israel Big Claim Over Iran:अमेरिका-इजरायल के बीच तीसरे दिन भी युद्ध जारी है। दोनों तरफ से दनादन मिसाइल और ड्रोन से हमले किए जा रहे हैं। इसी बीच इजरायल ने दावा किया है कि उसने ईरान के खुफिया मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों को मार गिराया है।

आईडीएफ ने कहा कि खुफिया मंत्रालय के उपमंत्री यह्मा हमीदी को भी मार गिराया गया है। आईडीएफ का आरोप है कि हमीदी यहूदियों, पश्चिमी देशों से जुड़े लोगों और विदेशों में शासन विरोधियों को निशाने बनाने वाली टीम की अगुवाई कर रहे थे।

ईरान के कई सैन्य अधिकारियों की भी मौत

इजरायली सेना ने यह भी दावा किया है कि इस ऑपरेशन के दौरान अन्य वरिष्ठ अधिकारियों को निशाना बनाया गया है। साथ ही इजरायली वायुसेना ने तेहरान स्थित ईरान के खुफिया मंत्रालय के हेडक्वार्टर पर हमला किया है। आईडीएफ के अनुसार, यह कार्रवाई क्षेत्रीय सुरक्षा और अपने नागरिकों की सुरक्षा के मद्देनजर की गई है। हालांकि, इस संबंध में ईरान की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

यह घटनाक्रम ऐसे समय में आया है, जब मिडिल ईस्ट और पश्चिम एशियाई क्षेत्र में तनाव पहले से ही उच्च स्तर पर बना हुआ है। इजरायल और ईरान के बीच हालिया घटनाओं पर नजर डालें तो दोनों देशों के बीच टकराव की स्थिति और गहरी होती जा रही है। पिछले तीन दिनों से दोनों देशों के बीच हमले तेज हो गए हैं। खामेनेई के अलावा ईरान के कई मंत्री भी मारे जा चुके हैं। उनकी मौत के बाद ईरान में 40 दिनों के राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया गया है।