India vs South Africa: भारत और साउथ अफ्रीका के बीच खेली जा रही महिला टी20 इंटरनेशनल सीरीज में भारतीय टीम मुश्किल में नजर आ रही है। अब तक खेले गए दो मैचों में दोनों बार हार का सामना करना पड़ा है, जिससे सीरीज में साउथ अफ्रीका ने मजबूत बढ़त बना ली है। यह सीरीज भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी के तौर पर काफी अहम मानी जा रही है। लेकिन शुरुआती दो मुकाबलों में टीम इंडिया का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। पहले मैच में भारत को 6 विकेट से हार मिली, जबकि दूसरे मुकाबले में 8 विकेट से करारी शिकस्त झेलनी पड़ी।
टीम इंडिया के लिए ये मुकाबला कितना जरूरी
अब स्थिति यह है कि अगर भारत अगला यानी तीसरा मैच हार जाता है, तो सीरीज साउथ अफ्रीका के नाम हो जाएगी। ऐसे में टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला “करो या मरो” जैसा होगा। तीसरा टी20 मैच 22 अप्रैल, बुधवार को जोहानिसबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में खेला जाएगा। इस मैच की शुरुआत भारतीय समय अनुसार रात 9:30 बजे होगी। गौर करने वाली बात यह है कि सीरीज के कुछ मैचों का समय बदला गया है, इसलिए दर्शकों को सही समय नोट करना जरूरी है।
सीरीज का पूरा शेड्यूल
सीरीज का पूरा शेड्यूल इस प्रकार है- पहला मैच 17 अप्रैल को डरबन में रात 9:30 बजे खेला गया था। दूसरा मैच 19 अप्रैल को डरबन में शाम 5:30 बजे हुआ। अब तीसरा और चौथा मैच जोहानिसबर्ग में रात 9:30 बजे से खेले जाएंगे, जबकि पांचवां और आखिरी मैच 27 अप्रैल को बेनोनी में शाम 5:30 बजे होगा। टीम इंडिया की कप्तान हरमनप्रीत कौर के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती वापसी करने की है। टीम में स्मृति मंधाना, शैफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और दीप्ति शर्मा जैसी मजबूत खिलाड़ी मौजूद हैं, लेकिन अभी तक उनका प्रदर्शन संयुक्त रूप से असरदार नहीं रहा है।
साउथ अफ्रीका बेहतरीन फॉर्म
दूसरी ओर साउथ अफ्रीका की कप्तान लौरा वोल्वार्ड्ट के नेतृत्व में टीम बेहतरीन फॉर्म में नजर आ रही है। उनकी गेंदबाजी और बल्लेबाजी दोनों ही मजबूत दिखी है। अब देखना होगा कि क्या भारतीय महिला टीम तीसरे मुकाबले में वापसी कर पाती है या साउथ अफ्रीका सीरीज अपने नाम कर लेती है। आने वाला मैच टीम इंडिया के लिए बेहद अहम साबित होने वाला है।