KhabarFast

Noida: साजिश या शरारत? असामाजिक तत्वों ने मंदिर में की तोड़फोड़, मिली शराब की खाली बोतलें

Parth Jha | 30 Nov, 2023

Noida: नोएडा के पास एक मंदिर में मूर्तियों को नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। मूर्तियां तोड़े जाने को लेकर पुलिस को आशंका है कि शराब के नशे में धुत कुछ शरारती तत्वों ने मंदिर की मूर्तियां तोड़ी हैं। पुलिस का कहना है कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है। दरअसल, पुलिस को मंदिर के पास शराब की कुछ खाली बोतलें मिली हैं, जिसके बाद आशंका जताई जा रही है कि शराब के नशे में शरारती तत्वों ने मूर्तियों को नुकसान पहुंचाया है।

एडिशनल DGPहरदेश कथरिया ने कहा, 'स्थानीय पुलिस को सूचना मिली थी कि रिछपाल गढ़ी गांव में मंदिर के अंदर मूर्तियों को खंडित कर दिया गया है। पूजा को देखते हुए नई मूर्तियां स्थापित की गई हैं। उन्होंने आगे कहा, 'शुरुआती जांच के दौरान पुलिस को मंदिर के पास शराब की कुछ खाली बोतलें मिलीं। इससे प्रतीत होता है कि कुछ नशे में धुत्त शरारती तत्वों ने प्रतिमाएं तोड़ दी हैं। अधिकारी ने बताया कि इस मामले में बिसरख थाने में मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है।

पुलिस ने जानकारी दी है कि मूर्ति तोड़ने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। पुलिस जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा कर रही है। कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि उपद्रवियों ने हंगामा करते हुए मूर्तियां तोड़ दीं और कपड़ों में भी आग लगा दी। पुलिस आरोपियों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।