KhabarFast

हरियाणा के मंत्री कृष्ण लाल पंवार का एक्सीडेंट, अस्पताल में हुए भर्ती

Shivani Jha | 08 May, 2026

Krishan Lal Panwar Accident: हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री  कृष्ण लाल पंवार शुक्रवार को एक सड़क हादसे में घायल हो गए। यह हादसा पानीपत के जीटी रोड पर एल्डिको सिटी के पास हुआ, जहां मंत्री का काफिला आपस में टकरा गया। हादसे में मंत्री की सरकारी इनोवा गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

जानकारी के मुताबिक, कृष्ण लाल पंवार चंडीगढ़ से पानीपत लौट रहे थे। शाम करीब 4 बजे उनका काफिला एल्डिको सिटी के पास टोल प्लाजा के सामने पहुंचा था। इसी दौरान काफिले के आगे चल रही एक गाड़ी ने अचानक इमरजेंसी ब्रेक लगा दिए। तेज रफ्तार होने के कारण पीछे चल रही पायलट गाड़ी ने भी तुरंत ब्रेक लगाए, जिससे पीछे आ रही मंत्री की गाड़ी समेत 3 से 4 वाहन एक-दूसरे से टकरा गए।

गाड़ी पूरी तरह क्षतिग्रस्त 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर काफी जोरदार थी। हादसे में मंत्री की इनोवा गाड़ी का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने मंत्री को सुरक्षित बाहर निकाला और इलाज के लिए पानीपत के सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

पानीपत के विधायक हाल लेने पहुंचे अस्पताल 

मंत्री के एक्सीडेंट की खबर मिलते ही प्रशासन और बीजेपी नेताओं में हलचल मच गई। सूचना मिलते ही पानीपत के विधायक Pramod Vij, डीसी वीरेंद्र दहिया और एसपी भूपेंद्र सिंह अस्पताल पहुंचे। अस्पताल में बीजेपी कार्यकर्ताओं और समर्थकों की भीड़ भी जुट गई। डॉक्टरों की टीम मंत्री के स्वास्थ्य की लगातार निगरानी कर रही है। शुरुआती जांच में किसी गंभीर चोट की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन एहतियात के तौर पर उनका मेडिकल परीक्षण किया जा रहा है।

घुटने के ऑपरेशन से उबरे थे मंत्री

गौरतलब है कि कृष्ण लाल पंवार हाल ही में घुटने के ऑपरेशन से उबरे थे। दिसंबर 2025 में मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में उनके बाएं घुटने की सर्जरी हुई थी। लंबे समय से चलने-फिरने में परेशानी के कारण उन्होंने ऑपरेशन कराया था। घुटने को आराम देने के लिए उन्होंने हाल ही में फॉर्च्युनर की जगह इनोवा गाड़ी में सफर करना शुरू किया था, जो अब इस हादसे में क्षतिग्रस्त हो गई। 

Also read: Haryana News: बहादुरगढ़ में सनसनीखेज वारदात, युवती की गला रेतकर हत्या, पास में घायल मिला युवक