KhabarFast

हरियाणा की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में दर्दनाक हादसा, स्विमिंग पूल में छात्र की मौत से सनसनी

Parth Jha | 22 May, 2026

Haryana News: हरियाणा के सोनीपत के राई स्थित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी ऑफ हरियाणा में एक दर्दनाक हादसे ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। यूनिवर्सिटी के स्विमिंग पूल में संदिग्ध परिस्थितियों में डूबने से एक छात्र की मौत हो गई। मृतक की पहचान दिल्ली के गौतम नगर निवासी निशांत के रूप में हुई है, जो यूनिवर्सिटी में पीजी डिप्लोमा की पढ़ाई कर रहा था। बताया जा रहा है कि देर शाम यूनिवर्सिटी परिसर स्थित स्विमिंग पूल में निशांत का शव पानी में तैरता हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही यूनिवर्सिटी प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची। आनन-फानन में छात्र को बाहर निकालकर नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। देर रात शव को पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत सिविल अस्पताल में रखवाया गया।

परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर लगाए गंभीर लापरवाही का आरोप

वहीं मृतक के परिजनों ने यूनिवर्सिटी प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। परिजनों का कहना है कि स्विमिंग पूल में सुरक्षा व्यवस्था पर्याप्त नहीं थी और समय रहते उचित मदद नहीं मिलने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस यूनिवर्सिटी स्टाफ, छात्रों और मौके पर मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि हादसे की पूरी सच्चाई सामने लाई जा सके।

जांच में जुटी पुलिस

मामले की गंभीरता को देखते हुए राई थाना पुलिस जांच में जुट गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मेडिकल बोर्ड की निगरानी और वीडियोग्राफी के बीच पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू करवाई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।