KhabarFast

HARYANA NEWS: सोनीपत में 5 हजार की रिश्वत लेते ASI पकड़ा गया, विजिलेंस टीम ने की बड़ी कार्रवाई

Parth Jha | 13 Mar, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के सोनीपत जिले के गन्नौर में मारपीट के एक मामले में आरोपितों को राहत दिलाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में विजिलेंस रोहतक की टीम ने थाना बड़ी में तैनात एएसआई पवन कुमार को गिरफ्तार किया है। टीम ने उसे ₹5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ काबू किया।

जानकारी के अनुसार, कुछ समय पहले गन्नौर पुल के नीचे राहुल निवासी बादली, जिला झज्जर के साथ मारपीट की घटना हुई थी। इस मामले में गढ़ी केसरी निवासी प्रमोद और उसके दोनों बेटों के खिलाफ थाना बड़ी में केस दर्ज किया गया था। मामले की जांच एएसआई पवन कुमार के पास थी।शिकायतकर्ता प्रमोद कुमार ने विजिलेंस विभाग को दी शिकायत में बताया कि आरोपितों को मामले से बाहर निकालने के नाम पर एएसआई पवन कुमार उससे पहले ही करीब 35 हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद वह 10 हजार रुपये की और मांग कर रहा था।

गिफ्तार कर जांच में जुटी विजिलेंस टीम

शिकायत के अनुसार, पहले 5 हजार रुपये दे दिए गए थे, जबकि शेष 5 हजार रुपये देने बाकी थे। इसके बाद प्रमोद कुमार ने इस संबंध में विजिलेंस रोहतक को शिकायत दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय योजना के तहत जब एएसआई पवन कुमार ने शिकायतकर्ता से 5 हजार रुपये रिश्वत के तौर पर लिए, तभी पहले से मौजूद विजिलेंस टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। विजिलेंस टीम आरोपी एएसआई को अपने साथ रोहतक ले गई है। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।