KhabarFast

HARYANA NEWS: दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी सरकार पर जमकर साधा निशाना, कहा- भाजपा के खिलाफ सभी को एकजुट होना पड़ेगा

Parth Jha | 14 May, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के रोहतक में स्थित जननायक जनता पार्टी के प्रदेश कार्यालय में जेजेपी युवा इकाई की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की।

बैठक के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए दिग्विजय चौटाला ने बीजेपी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सफाई कर्मचारियों को लेकर बड़ा आंदोलन चल रहा है और जेजेपी हमेशा सफाई कर्मचारियों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने सफाई कर्मचारियों को देश का “भाग्य विधाता” बताते हुए कहा कि जहां भी जरूरत पड़ेगी, पार्टी उनके समर्थन में संघर्ष करेगी।

हरियाणवी युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता नहीं मिल रही- दिग्विजय चौटाला

चौटाला ने एचपीएससी, बेरोजगारी और युवाओं के मुद्दे उठाते हुए कहा कि हरियाणा में हरियाणवी युवाओं को नौकरियों में प्राथमिकता नहीं मिल रही और बाहरी राज्यों के युवाओं को ज्यादा अवसर दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि जेजेपी इस मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी। उन्होंने नीट परीक्षा विवाद, बढ़ते अपराध और पुलिस कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा। हिसार में युवक की पिटाई और सोनीपत में कथित फर्जी एनकाउंटर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में कानून व्यवस्था बिगड़ चुकी है और जो भी सरकार के खिलाफ आवाज उठाता है, उसके खिलाफ मुकदमे दर्ज कराए जा रहे हैं।

लोकतंत्र में अफसरशाही हावी हो गई है- दिग्विजय चौटाला

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि लोकतंत्र में अफसरशाही हावी हो गई है और चुने हुए प्रतिनिधियों की ताकत कमजोर की जा रही है। उन्होंने विपक्षी दलों से एकजुट होने की अपील करते हुए कहा कि भविष्य में विभाजनकारी ताकतों के खिलाफ सभी राजनीतिक दलों को साथ आना होगा। बीजेपी के साथ साढ़े चार साल गठबंधन और सत्ता में हिस्सेदारी को लेकर पूछे गए सवाल पर चौटाला ने कहा कि जेजेपी जनता के जनादेश से सरकार में रही थी, किसी के “आशीर्वाद” से नहीं। उन्होंने दावा किया कि 75 प्रतिशत रोजगार आरक्षण, महिलाओं को आरक्षण और किसानों के खातों में सीधे भुगतान जैसी योजनाएं जेजेपी की देन हैं।

सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों और महंगाई पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि आम आदमी की पहुंच अब सोना-चांदी से बाहर होती जा रही है और सरकार लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। अंत में दिग्विजय चौटाला ने कहा कि लोकतंत्र में कोई भी सत्ता स्थायी नहीं होती और बीजेपी लोकतंत्र को स्थायी सत्ता में बदलना चाहती है, लेकिन विपक्ष इसके खिलाफ संघर्ष करेगा।