HARYANA NEWS: हरियाणा के भिवानी में महिला थाना में हिसार विजिलेंस ब्यूरो ने बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी एसएचओ कमलेश और एएसआई मंजू को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि दोनों महिला पुलिसकर्मियों को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए मंगलवार शाम ट्रैप के दौरान दबोचा गया।
वहीं मामला लिव-इन रिलेशनशिप से जुड़े एक विवाद का है। आरोप है कि एक युवक अपनी महिला मित्र को निजी तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर दबाव बना रहा था। इसी मामले में राहत दिलाने और कार्रवाई में मदद करने के बदले रिश्वत मांगी गई थी।
शिकायत मिलने के बाद हिसार विजिलेंस ब्यूरो ने पूरी योजना बनाकर ट्रैप तैयार किया। शिकायतकर्ता को साथ लेकर टीम ने महिला थाना में छापेमारी की और तय रकम लेते समय एसएचओ कमलेश और एएसआई मंजू को मौके पर ही काबू कर लिया। कार्रवाई के बाद महिला थाना परिसर में विजिलेंस अधिकारियों ने जांच और जरूरी कागजी प्रक्रिया पूरी की। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है।
महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज
जांच अधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि दोनों आरोपित महिला पुलिसकर्मियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक कानून के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और आगे की कार्रवाई जारी है।