KhabarFast

Haryana News: बहादुरगढ़ में सनसनीखेज वारदात, युवती की गला रेतकर हत्या, पास में घायल मिला युवक

Parth Jha | 08 May, 2026

Haryana News: हरियाणा के बहादुरगढ़ में एक युवती की गला रेत कर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। युवती के पास ही एक युवक भी घायल अवस्था में मिला। उसकी गर्दन भी तेजधार हथियार से कटी हुई है। उसे पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है। युवती की हत्या घायल युवक ने की या फिर किसी अन्य वारदात को अंजाम दिया, यह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। जांच के बाद सारी स्थिति का खुलासा हो पाएगा।

पूरा मामला बहादुरगढ़ के देवीलाल पार्क के साथ गुजर रही माइनर के किनारे का है। शुक्रवार की दोपहर करीब एक बजे यह वारदात हुई है। किसी ने पुलिस को सूचना दी की माइनर किनारे एक युवती का गला काटकर हत्या की गई है, जबकि मौके पर मौजूद युवक भी घायल अवस्था में है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए।

Also read: HARYANA NEWS : जींद के सरकारी अस्पताल में डिलीवरी के दौरान दो महिलाओं की मौत, जांच में जुटी पुलिस

डीसीपी बहादुरगढ़ मयंक मिश्रा ने मौके पर पहुंचकर हालातों का जायजा लिया। घायल युवक को नागरिक अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया। घायल की पहचान अभिषेक के रूप में हुई है। जबकि मृतका की पहचान मधु के रूप में हुई है, वह शक्ति नगर की रहने वाली बताई गई है।  डीसीपी मयंक मिश्रा ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। हत्या क्यों और किसने की, यह अभी स्पष्ट नहीं कहा जा सकता। घायल युवक भी अभी ठीक से कुछ नहीं बता पा रहा।जल्द ही मामले को सुलझाया जाएगा।