Jind News: हरियाणा के जींद में स्थित सरकारी अस्पताल में प्रसव के लिए आई दो महिलाओं की इलाज के दौरान मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में दोनों महिलाओं की मौत का मुख्य कारण हाई ब्लड प्रेशर (BP) बताया गया है। यह घटना शुक्रवार सुबह हुई। मृतक महिलाओं की पहचान पूजा (30 वर्ष) और सीमा (36 वर्ष) के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, पूजा जींद की श्याम कॉलोनी की रहने वाली थी, जबकि सीमा बख्शी महोला की निवासी थी। परिजनों के अनुसार, दोनों महिलाएं आज सुबह 3 से 4 बजे के बीच अपने परिजनों के साथ जींद सरकारी अस्पताल पहुंची थीं। डिलीवरी के लिए भर्ती होने के बाद इलाज के दौरान दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टरों के प्रयास के बावजूद दोनों महिलाओं की मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि दोनों महिलाएं गर्भावस्था के अंतिम चरण में थीं। मौत की सूचना मिलते ही अस्पताल में मातम का माहौल छा गया। परिजन डॉक्टरों और अस्पताल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगा रहे हैं।अस्पताल प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद होगा खुलासा
सिविल सर्जन ने कहा कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण स्पष्ट होगा, हालांकि प्रारंभिक जांच में हाई BP को मुख्य वजह माना जा रहा है। यह घटना जिले में प्रसव संबंधी सुविधाओं और आपातकालीन चिकित्सा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर रही है।