KhabarFast

हरियाणा के हांसी में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 3 पिस्तौल और जिंदा कारतूस समेत 2 आरोपी गिरफ्तार

Parth Jha | 28 May, 2026

HARYANA NEWS: हरियाणा के हिसार जिले के हांसी में पुलिस ने अवैध हथियारों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सीआईए-1 की टीम ने प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए आरोपियों के कब्जे से 3 अवैध पिस्तौल, 4 जिंदा कारतूस और 6 मैगजीन बरामद की हैं।

इसका खुलासा हांसी के डीएसपी रवींद्र सांगवान ने अपने कार्यालय में प्रैस वार्ता कर किया। रवींद्र सांगवान ने पत्रकारों से बातचीत की दौरान बताया कि पहले मामले में सीआईए-1 हांसी पुलिस टीम को गश्त एवं अपराध जांच के दौरान गुप्त सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-9 स्थित ढाणी कुतुबपुर बस स्टैंड पर बैठा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर युवक को काबू किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान अनंत उर्फ मोटा निवासी भैंस फार्म, हिसार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर आरोपी के कब्जे से दो अवैध पिस्तौल, पांच मैगजीन तथा तीन जिंदा कारतूस बरामद हुए। आरोपी हथियारों संबंधी कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

दूसरे मामले में सीआईए-1 हांसी टीम को गुप्त सूचना मिली कि एक युवक अवैध हथियार के साथ गीता चौक हांसी के पास मौजूद है। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी को मौके पर काबू किया। पूछताछ में आरोपी की पहचान तरुण उर्फ बच्ची निवासी न्यू मॉडल टाउन, हिसार के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से एक अवैध पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक मैगजीन बरामद हुई। आरोपी हथियार संबंधी कोई वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सका।

आरोपियों से पूछताछ जारी

दोनों मामलों में बरामद हथियार, कारतूस एवं मैगजीन पुलिस कब्जे में लेकर संबंधित थाना में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमे दर्ज कर लिए गए हैं। पुलिस आरोपियों से हथियार कहां से लाए गए, किससे खरीदे गए तथा इनके अन्य आपराधिक संबंधों के बारे में  आरोपियों को अदालत में पेश करके पुलिस रिमांड हासिल करके गहन पूछताछ की जाएगी।