KhabarFast

फरीदाबाद में शादी समारोह से लौटते वक्त बड़ा हादसा, स्कॉर्पियो ने बाइक सवारों को रौंदा, पिता की मौत और 2 की हालत नाजुक

Parth Jha | 02 May, 2026

Faridabad Road Accident: हरियाणा के फरीदाबाद में दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जहां एक बाइक को स्कार्पियों ने टक्कर मार दी। इस हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दो लोगों की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही पुलिस इस हादसे की जांच में जुट गई।

थाना सेक्टर 58 पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मादलपुर का रहने वाला विजय शंकर (45) पड़ोसी युवक की शादी में राजीव कॉलोनी गया हुआ था। रात के करीब 12 बजे वह बाइक से वापस घर लौट रहा था। उसके साथ उसका 11 साल का लड़का मोहित और मुकेश नामक पड़ोसी भी था। राजीव कॉलोनी से कुछ आगे चलने पर ही एक तेज स्पीड़ स्कॉर्पियो ने उनको टक्कर मार दी।

Also read: Haryana Police Arrest: रेवाड़ी में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, रिश्वत लेते दो पुलिसकर्मी गिरफ्तार

पड़ोसी सतीश ने बताया कि सड़क पर तेज स्पीड़ स्कॉर्पियो गाड़ी आ रही थी। इसी दौरान रास्ते में पड़े मिट्‌टी के ढेर पर चढ़ने से गाड़ी के ड्राइवर ने कंट्रोल खो दिया। जिसके कारण गाड़ी ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से विजय शंकर सहित सभी को पहले एक निजी फिर सरकारी अस्पताल में लेकर जाया गया जहां विजय शंकर की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उसका बेटा और पड़ोसी दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजनों ने बताया कि टक्कर मारने के बाद स्कॉर्पियो  का ड्राइवर उसको लेकर मौके से फरार हो गया। मौके पर मौजूद लोगो ने घायलों को अस्पताल भिजवाया और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवाया। जिसके बाद मृतक के शव को पोस्टमार्टम कराकर परिजनों के हवाले कर दिया गया।

जांच में जुटी पुलिस

वहीं सेक्टर 58 थाना में तैनात जांच अधिकारी ASI खुशविंदर ने जानकारी देते हुए बताया कि, पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस टक्कर मारने वाली स्कॉर्पियो गाड़ी की तलाश कर रही है जल्द ही स्कॉर्पियो को तलाश लिया जायेगा। फिलहाल मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया गया है।