Haryana News: हरियाणा के बहादुरगढ़ जिले के दिल्ली-रोहतक नेशनल हाइवे-9 पर स्थित रोहद टोल प्लाजा पर शुक्रवार की सुबह दर्दनाक हादसा हो गया। यहां रोडवेज बस की चपेट में आने से टोल कर्मी की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू करा दी है। इस संबंध में रोडवेज बस चालक के खिलाफ आसौदा थाने में केस दर्ज किया गया है। मामले में जांच जारी है।
मृतक की पहचान करीब 22 वर्षीय कपिल के रूप में हुई है। कपिल टोल के नजदीक लगते सांपला का रहने वाला था। वीरवार की रात करीब 12 बजे वह ड्यूटी पर आया था। शुक्रवार की सुबह आठ बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद उसे अपने घर जाना था। इससे पहले ही सुबह करीब छह बजे हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, हिसार डिपो की एक बस टोल क्रास कर रही थी। टोल शुल्क आदि के लिए कपिल दौड़कर बस के आगे से बूथ की ओर जाने लगा तो चपेट में आ गया और दूर जा गिरा। उसके सिर में गंभीर चोट आई। आनन फानन में उसे बहादुरगढ़ के नागरिक अस्पताल में ले जाया गया। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। हादसे से अन्य टोल कर्मियों व परिजनों में रोष पनप गया।
बस चालक पर शिकायत दर्ज कर कार्रवाई शुरु
सूचना मिलते ही आसौदा थाने से पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। यह हादसा टोल की लेन नंबर 11 पर हुआ है और इसके लिए रोडवेज बस चालक को जिम्मेदार ठहराया गया है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी इंटरनेट पर वायरल है। जिसमें में कपिल बस के आगे आता और टक्कर के बाद दूर जाकर गिरता नजर आ रहा है। चर्चा है कि ड्यूटी पर कपिल का पहला ही दिन था। पहले ही दिन हादसे में उसकी जान चली गई। बहरहाल, आसौदा थाना पुलिस ने मृतक के चचेरे भाई अमित की शिकायत पर बस चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।