KhabarFast

HARYANA NEWS: अंबाला में दिनदहाड़े चली ताबड़तोड़ गोलियां, पूरे गांव में दहशत का माहौल

Parth Jha | 19 May, 2026

Ambala News: हरियाणा के अंबाला से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां मुलाना थाना इलाके के गांव कालपी में जमीनी विवाद को लेकर एक युवक ने दिनदहाड़े ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। इस फायरिंग में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे आनन-फानन में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, गांव कालपी में जमीन पर पिलर लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ। आरोप है कि अमन नाम के एक युवक ने विवाद के दौरान गुरमीत सिंह नाम के व्यक्ति पर सीधे गोलियां दाग दीं। गुरमीत सिंह को दो गोलियां लगी हैं एक उनके गले पर और दूसरी उनके पैर पर।

इलाके में हड़कंप

वारदात की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की गंभीरता को देखते हुए साहा और मुलाना थाना प्रभारियों के साथ डीएसपी बराड़ा सुरेश कौशिक भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और साक्ष्य जुटाए। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी अमन मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

घायल व्यक्ति की हालत नाजुक

फिलहाल घायल गुरमीत सिंह की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज एमएम मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें रवाना कर दी हैं। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से इलाके में तनाव का माहौल है। अब देखना यह होगा कि अंबाला पुलिस फरार आरोपी को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।