KhabarFast

दिलजीत दोसांझ के मैनेजर के घर पर हुई फायरिंग, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पर दी धमकी

Shivani Jha | 13 May, 2026

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कंग के घर पर फायरिंग का मामला सामने आया है। यह घटना हरियाणा के गोंदर गांव में हुई बताई जा रही है। इस मामले में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है। बताया जा रहा है कि लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई के नाम से सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की गई। पोस्ट में दावा किया गया कि गुरप्रताप कंग के घर पर फायरिंग उन्होंने करवाई है। साथ ही दिलजीत दोसांझ और उनकी टीम को चेतावनी भी दी गई है।

पोस्ट में लगाए गए कई गंभीर आरोप

सोशल मीडिया पोस्ट में कई गंभीर आरोप लगाए गए हैं। गैंग की ओर से दावा किया गया कि दिलजीत की टीम से जुड़े एक व्यक्ति पर महिलाओं के शोषण के आरोप हैं। पोस्ट में कहा गया कि ऑस्ट्रेलिया टूर के दौरान कुछ लड़कियों के साथ गलत व्यवहार किया गया। हालांकि इन आरोपों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मैसेज में भेजी गई थी चेतावनी

पोस्ट में यह भी कहा गया कि पहले दो बार मैसेज भेजकर चेतावनी दी गई थी और अब यह “तीसरी वॉर्निंग” है। गैंग की ओर से धमकी भरे अंदाज में लिखा गया कि अगर उनकी बात नहीं मानी गई तो आगे और नुकसान पहुंचाया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सोशल मीडिया पोस्ट की भी जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि फायरिंग किसने की और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

दिलजीत ने नहीं दिया है बयान

अब तक इस मामले पर दिलजीत दोसांझ या उनकी टीम की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस सुरक्षा एजेंसियां भी पूरे मामले को गंभीरता से देख रही हैं। गौरतलब है कि हाल के समय में कई कलाकारों और कारोबारियों को गैंगस्टरों की ओर से धमकियां मिलने के मामले सामने आ चुके हैं। ऐसे में यह घटना एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और गैंगस्टर नेटवर्क को लेकर सवाल खड़े कर रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की सच्चाई सामने आएगी।

Also read: जीटी करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, 10 साल की बच्ची समेत तीन की मौत