MP News: मध्य प्रदेश के रीवा में सोशल मीडिया पर ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट करने के मामले में फरार चल रहे यूट्यूबर मनीष पटेल उर्फ पोकभान ने आखिरकार सरेंडर कर दिया। हाई कोर्ट से अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद बुधवार को वह सिविल लाइन थाना पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया। कोर्ट ने आरोपी को दो दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
मनीष पटेल रीवा जिले के खुटहा गांव का निवासी है और सोशल मीडिया पर उसके करीब 40 लाख फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी फरारी के दौरान भी सोशल मीडिया पर लगातार सक्रिय था और शादी समारोह सहित अन्य सार्वजनिक कार्यक्रमों में शामिल होने के फोटो-वीडियो पोस्ट कर रहा था। बताया गया कि 29 जनवरी को आरोपी ने एक वीडियो बनाकर यूट्यूब, इंस्टाग्राम और फेसबुक पर पोस्ट किया था, जिसमें ब्राह्मण समाज की युवतियों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां की गई थीं। वीडियो वायरल होने के बाद ब्राह्मण समाज के लोगों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
बार-बार ठिकाने बदल रहा था आरोपी
गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। उसने स्थानीय अदालत से लेकर हाई कोर्ट तक अग्रिम जमानत के लिए आवेदन लगाए, लेकिन सभी याचिकाएं खारिज हो गईं। सिविल लाइन थाना प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि पुलिस की टावर लोकेशन आधारित निगरानी और लगातार बढ़ती घेराबंदी के चलते आरोपी के पास आत्मसमर्पण के अलावा कोई रास्ता नहीं बचा। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है, जबकि अन्य डिजिटल उपकरण और लैपटॉप की तलाश जारी है।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि विवादित पोस्ट तैयार करने और उसे वायरल करने में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल थे या नहीं।