KhabarFast

Sidharth Malhotra पर टूटा दुखों का पहाड़, पिता ने नींद में ली आखिरी सांस; एक्टर बोले - मैं जो हूं, आपकी वजह से हूं…

Parth Jha | 18 Feb, 2026

Sidharth Malhotra Father Death: बॉलीवुड अभिनेता सिद्धार्थ मल्होत्रा के पिता सुनील मल्होत्रा का निधन हो गया है। सुनील मल्होत्रा, जो पूर्व मर्चेंट नेवी कैप्टन थे, लंबे समय से बीमार चल रहे थे और उन्होंने 14फरवरी को दिल्ली में नींद में ही आखिरी सांस ली। इस दुखद घटना की जानकारी 17फरवरी को सिद्धार्थ के सोशल मीडिया पोस्ट के बाद सार्वजनिक हुई, जिसके बाद पूरा फिल्म जगत शोक में डूब गया है।

सिद्धार्थ मल्होत्रा का भावुक पोस्ट

इस बीच, सिद्धार्थ मल्होत्रा ने अपने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट शेयर किया। इस पोस्ट के जरिए उन्होंने अपने पिता को श्रद्धांजलि दी। इसी के साथ उन्होंने कई पुरानी और नई तस्वीरें पोस्ट कीं, जिसमें बचपन से लेकर वर्तमान तक के पल शामिल हैं। पोस्ट में सिद्धार्थ ने लिखा 'पापा, आपकी ईमानदारी, सत्यनिष्ठा और संस्कार मेरी सबसे बड़ी विरासत हैं। आपने अनुशासन सिखाया बिना कठोरता के, ताकत दिखाई बिना अहंकार के और जीवन की हर परीक्षा में सकारात्मकता बनाए रखी। आप मर्चेंट नेवी कैप्टन के रूप में बहादुर थे और बीमारी में भी आपका जोश कभी कम नहीं हुआ, भले ही स्ट्रोक के बाद व्हीलचेयर पर रहना पड़ा। आप नींद में ही शांतिपूर्वक चले गए, लेकिन जो खालीपन छोड़ा है, वह असीम है। मैं जो कुछ भी हूं, आपकी वजह से हूं... आपका नाम, मूल्य और प्रकाश हमेशा आगे बढ़ाऊंगा। लव यू डैड।'

सदमे में सिद्धार्थ मल्होत्रा

बताया जा रहा है कि सुनील मल्होत्रा की मौत लंबी बीमारी के बाद हुई। सिद्धार्थ और उनकी पत्नी कियारा आडवाणी ने खबर मिलते ही तुरंत दिल्ली पहुंचकर परिवार के साथ अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार, अंतिम संस्कार दिल्ली में ही संपन्न हो चुका है, लेकिन दंपति अभी कुछ दिनों तक परिवार के साथ यहां रहेंगे। परिवार ने प्राइवेसी की अपील की है और इस कठिन समय में शांति की मांग की है।

बता दें, सिद्धार्थ हमेशा अपने पिता को अपना "पहला हीरो" और "साइलेंट गाइड" कहते आए हैं। उन्होंने कई इंटरव्यू में बताया था कि पिता की अनुशासन और नैतिकता ने उन्हें ग्राउंडेड रखा। लेकिन पिता के जाने से सिद्धार्थ को गहरा सदमा लगा है और वे एकदम अकेला महसूस कर रहे हैं, क्योंकि वे पिता से बेहद करीब थे। बॉलीवुड से कई सेलेब्स जैसे प्रियंका चोपड़ा, आलिया भट्ट आदि ने कमेंट्स में शोक जताया और सिद्धार्थ को ताकत देने की बात कही।