Delhi Crime News: दिल्ली के सीलमपुर इलाके से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। बाल काटने के पैसे मांगना एक नाई को भारी पड़ गया और दबंगों ने उस पर बर्फ तोड़ने वाले सूए से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में दुकानदार गंभीर रूप से घायल हो गया है। फिलहाल अस्पताल में उसका इलाज जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना दिल्ली के थाना सीलमपुर इलाके के J ब्लॉक में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई। जब एक नाई की दुकान पर अचानक खूनी हमला हो गया। बताया जा रहा है कि इरफान नाम का युवक अपनी दुकान पर एक ग्राहक के बाल काट रहा था। जैसे ही उसने पैसे मांगे, ग्राहक ने खुद को बदमाश बताते हुए पैसे देने से इनकार कर दिया और नाई को गाली-गलौज करने लगा और रंगदारी की मांग करने लगा। देखते ही देखते मामूली विवाद ने खतरनाक मोड़ ले लिया। आरोपी युवक अपने 4 साथियों के साथ वापस लौटा और बर्फ तोड़ने वाले सूए से इरफान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया
इलाके में दहशत
हमले के बाद दुकान में जमकर तोड़फोड़ की गई और इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल इरफान को तुरंत नजदीकी JPC अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज जारी है। फिलहाल पुलिस मौके से सबूत जुटा रही है आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की तलाश जारी है।