Delhi Firing: दिल्ली के सुल्तानपुरी इलाके में एक बार फिर बदमाशों का आतंक देखने को मिला है। इलाके में हुई फायरिंग की घटना से स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है। बताया जा रहा है कि करीब एक दर्जन बदमाशों ने इलाके में जमकर बवाल काटा और इस दौरान कई राउंड फायरिंग की गई।
इस फायरिंग की घटना में एक युवक के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। वहीं फॉरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर सबूत जुटाए और पूरे मामले की जांच शुरू की। घायल युवक को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल फायरिंग की इस वारदात के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है, लेकिन शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश को लेकर घटना को अंजाम दिए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और बदमाशों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।