KhabarFast

दिल्ली में चोरों का आतंक, सूने घर का ताला तोड़ लाखों की चोरी कर फरार

Parth Jha | 15 May, 2026

Delhi Crime News: राजधानी दिल्ली के प्रेम नगर थाना इलाके से ऐसी ही एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां चोरों ने घर में रखे लाखों के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें दो चोर घर के बाहर संदिग्ध अवस्था में दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में साफतौर पर देखा जा सकता है कि घर का ताला तोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। घटना बीते 7 और 8 तारीख की मध्यरात्रि की है, जब परिवार का कोई भी सदस्य घर पर मौजूद नहीं था। बस इसी का फायदा उठाते हुए चोरों ने पहले तो घर का ताला तोड़ा उसके बाद घर में दाखिल हुए. घर के अंदर अलमारी का ताला तोड़ सभी जेवरात और नकदी लेकर चोर फरार हो गए।

घर के सदस्य जब घर पहुंचे और उन्होंने घर के अंदर के हालात देखे तो उनके होश फाख्ता हो गए। घर के अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था, और अलमारी में रखे सारे जेवरात गायब थे। परिवार ने तुरंत इसकी शिकायत पुलिस को दी. सूचना के बाद पुलिस टीम पीड़ित परिवार के घर पहुंची और तमाम सबूतों को इकठ्ठा किया। पीड़ित परिवार के मुताबिक चुराये गए जेवरात में सोने और चांदी दोनों तरह के आभूषण थे, जिसकी कीमत करीब 12 से 13 लाख रुपए की थी। पीड़ित परिवार अब पुलिस के आगे न्याय की गुहार लगा रहा है।

Also read: Delhi Gang Rape: दिल्ली के रानीबाग में चलती प्राइवेट बस में महिला से गैंगरेप, दोनों आरोपी गिरफ्तार

जांच में जुटी पुलिस

हालांकि पुलिस ने इस बाबत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। इसके अलावा आस पास के सीसीटीवी फुटेज को भी अपने कब्जे में ले लिया है। पुलिस अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुट गई है। लेकिन आरोपियों को पकड़ने पुलिस के लिए किसी चुनौती से कम नहीं है, क्योंकि वारदात के समय आरोपियों ने अपने चेहरे को पूरी तरह से ढक रखा था, ताकि उनका चेहरा सामने न आए। हालांकि पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।