KhabarFast

Crime News: लोहरदगा में पारिवारिक विवाद बना खूनी संघर्ष, बेटे ने पिता और पत्नी की हत्या की

Shivani Jha | 25 May, 2026

Crime News: झारखंड के लोहरदगा जिले से सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। भंडरा थाना क्षेत्र के सेंगरा टोली गांव में एक व्यक्ति ने कथित तौर पर अपने ही पिता और पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी की पहचान 35 वर्षीय संदीप उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सोमवार सुबह घर में किसी बात को लेकर पारिवारिक विवाद शुरू हुआ था। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संदीप उरांव ने अपना आपा खो दिया और घर में रखी कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। 

मौके पर हुई दोनों की मौत 

हमले में उसके 60 वर्षीय पिता सुरेंद्र उरांव और 27 वर्षीय पत्नी सुजीता उरांव की मौके पर ही मौत हो गई। घटना इतनी अचानक हुई कि परिवार के अन्य सदस्य कुछ समझ ही नहीं पाए। इस दौरान घर में मौजूद तीन साल की मासूम बच्ची भी हिंसा की चपेट में आ गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। घायल बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उस पर लगातार नजर रखी जा रही है।

आरोपी हुआ गिरफ्तार

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया। लोहरदगा के पुलिस अधीक्षक सादिक अनवर रिज़वी ने बताया कि आरोपी को घटना के तुरंत बाद गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कुल्हाड़ी भी बरामद कर ली है। हथियार को जांच के लिए फॉरेंसिक लैब भेजा गया है।

क्या है इस हत्या की वजह?

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। आरोपी से लगातार पूछताछ की जा रही है ताकि घटना के पीछे की असली वजह सामने आ सके। इस दोहरे हत्याकांड ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिवार में पहले भी तनाव की बातें सुनने को मिलती थीं, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि मामला इतना खतरनाक मोड़ ले लेगा।

Also read: दिल्ली के सुल्तानपुरी में बदमाशों का आतंक, एक दर्जन आरोपियों ने की ताबड़तोड़ फायरिंग