Israel Warns Iran: अमेरिका-इजरायल और ईरान में भले ही सीजफायर का ऐलान हो गया लेकिन, टेंशन कम नहीं हुई है। स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान और अमेरिक में खिंचातानी जारी है। वहीं, अब इजरायल ने भी ईरान को चेतावनी दे दी है। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने ईरान को वॉर्निंग दी है।
नेतन्याहू ने कहा है कि ईरान के साथ सीजफायर जल्द ही खत्म हो सकता है। उन्होंने कहा कि अगर हमने सैन्य कार्रवाई ना की होती तो नतांज, फोर्डो और बुशहर जैसी जगहों को ऑशविट्ज, माजदा नेक और सोबिबोर की तरह याद किया जाता।
ईरान पर गंभीर आरोप
पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि इजरायल अपनी शक्ति के शिखर पर है। उन्होंने कहा कि चूंकि ईरान ने नियमों का उल्लंघन किया, इसलिए ट्रंप ने नाकेबंदी और नौसैनिक घेराबंदी लगाने का फैसला किया और हम निश्चित रूप से इस मजबूत रुख का समर्थन करते हैं। इजरायल के प्रधानमंत्री ने कहा कि उन्होंने अमेरिका के उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से संपर्क किया है। जिन्होंने पाकिस्तान से लौटते समय अपने विमान से फोन किया था। नेतन्याहू ने कहा कि उन्होंने मुझे वार्ता के दौरान हो रहे घटनाक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
ईरान के राजदूत ने क्या कहा
इस बीच भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फथाली ने कहा है कि शांति वार्ता के दूसरे चरण के लिए ईरान तैयार है। हालांकि, उन्होंने अमेरिका के सामने शर्तें रखी है। उन्होंने कहा कि अमेरिका कोई गैर-कानूनी मांग ना करे और तेहरान की शर्तें माने। फथाली का यह बयान इस्लामाबाद में ईरान और अमेरिका के बीच हुई शांति वार्ता के एक दिन बाद आया है। इस्लामाबाद में वार्ता बातचीत बगैर कोई नतीजे के खत्म हो गई थी। पश्चिम एशिया संकट को लेकर बनी स्थिति पर अपनी बात रखते हुए उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में ईरान और भारत का भविष्य एक-दूसरे से जुड़ा हुआ है।