West Bengal Assembly Election: पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी ने बड़ी जीत हासिल करते हुए इतिहास रच दिया है। पहली बार पार्टी पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाने जा रही है। इस जीत के साथ ही ममता बनर्जी की अगुवाई वाली तृणमूल कांग्रेस सरकार का 15 साल का शासन खत्म हो गया है। बीजेपी की इस जीत के पीछे एक बड़ा कारण उसका पहले से तैयार प्लान माना जा रहा है। पार्टी का प्लान-A चुनाव जीतना था, जिसमें वह सफल रही। अब प्लान-B के तहत पश्चिम बंगाल को उसकी पुरानी पहचान दिलाने पर फोकस किया जाएगा।
औद्योगिक केंद्र था पश्चिम बंगाल
पश्चिम बंगाल कभी देश का बड़ा औद्योगिक केंद्र हुआ करता था। यहां कई बड़ी फैक्ट्रियां और उद्योग थे। लोग रोजगार के लिए इस राज्य में आते थे। लेकिन पिछले कुछ सालों में उद्योगों में गिरावट आई और लोगों का पलायन बढ़ गया। बीजेपी ने अपने चुनावी वादों में ‘औद्योगिक पुनरुद्धार’ को सबसे अहम मुद्दा बनाया था। पार्टी का लक्ष्य है कि राज्य को फिर से उद्योगों के लिए मजबूत बनाया जाए और नई अर्थव्यवस्था के हिसाब से विकसित किया जाए।
बीजेपी दे रही इस पर खास ध्यान
इसके लिए सबसे पहले निवेश के लिए अच्छा माहौल बनाने की योजना है। सरकार भूमि अधिग्रहण और श्रम कानून जैसी पुरानी समस्याओं को सुलझाने पर काम करेगी, ताकि उद्योगों को बढ़ावा मिल सके। बीजेपी का खास ध्यान बंद पड़ी जूट मिलों को फिर से शुरू करने पर है। इन मिलों को आधुनिक तकनीक और निवेश के जरिए दोबारा चालू किया जाएगा, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
MSME को बढ़ावा देन के नियम
इसके अलावा, छोटे और मध्यम उद्योगों यानी MSME को बढ़ावा देने के लिए एक नया निगम बनाने की योजना है। इसके तहत युवाओं को कारोबार शुरू करने के लिए 10 लाख रुपये तक की आर्थिक मदद दी जाएगी, जिसमें अनुदान और ब्याज मुक्त लोन शामिल होगा। पार्टी ने ‘सोनार बांग्ला’ विजन के तहत कोलकाता और उसके आसपास के इलाकों को जोड़कर एक बड़ा औद्योगिक हब बनाने की योजना बनाई है। साथ ही बंदरगाह, सड़क और रेल कनेक्टिविटी को बेहतर किया जाएगा। बीजेपी का कहना है कि पारदर्शी सिस्टम और आसान नियमों से निवेशकों का भरोसा बढ़ाया जाएगा। अगर ये योजनाएं सही तरीके से लागू होती हैं, तो पश्चिम बंगाल फिर से औद्योगिक ताकत बन सकता है।