Bihar News: बिहार की राजनीति में अगले 48 घंटे काफी अहम माने जा रहे हैं। वैसे तो किसी को नहीं पता की नीतीश कुमार कब कौन सा फैसला लेंगे लेकिन, उन्होंने 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक बुलाई है। जिसके काफी मायने निकाले जा रहे हैं।
दावा किया जा रहा है कि नीतीश कुमार 14 अप्रैल को कैबिनेट की मीटिंग के बाद इस्तीफा दे देंगे। ठीक उसी दिन नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान हो सकता है। हालांकि, इस बारे में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी नहीं आई है। उधर एनडीए में बैठकों का दौर शुरू हो गया है।
पटना डीएम पहुंचे लोकभवन
बताया जा रहा है कि 15 अप्रैल को नई सरकार का शपथ ग्रहण आयोजित किया जा सकता है। इससे पहले पटना के डीएम डॉ त्यागराजन एसएम भी लोकभवन पहुंचे। जिसके बाद ये कयास लगाए जा रहे हैं कि शपथ ग्रहण की तैयारियों का रूपरेखा तैयार किया जा रहा है। इससे पहले 14 अप्रैल को कैबिनेट की बैठक होने वाली है। जिसमें कुछ महत्वपूर्ण फैसले लिए जा सकते हैं। इधर सीएम आवास के आस-पास हलचल बढ़ गई है। जदयू के कई वरिष्ठ नेता एक अणे मार्ग पहुंचे। जिसमें जदयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा, केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी शामिल रहे।
शिवराज सिंह को बिहार की कमान
दूसरी तरफ भाजपा ने बिहार के नए मुख्यमंत्री की तलाश के लिए कमर कस ली है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान को बिहार का ऑब्जर्बर नियुक्त किया है। बताया जा रहा है कि शिवराज सिंह ही बिहार के नए मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान करेंगे। हालांकि, उससे पहले कई नाम मुख्यमंत्री की रेस में शामिल बताए जा रहे हैं। जिसमें दोनों डिप्टी सीएम विजय सिन्हा और सम्राट चौधरी का नाम शामिल हैं। इसके अलावा केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय, बिहार सरकार में मंत्री विजय चौधरी का नाम भी शामिल है।