KhabarFast

Bihar News: बिहार के 42 विधायकों की सदस्यता पर लटकी तलवार, हाईकोर्ट ने थमाया नोटिस

Parth Jha | 20 Feb, 2026

HC Issues Notice To 42 MLA: बिहार विधानसभा चुनाव हाल ही में संपन्न हुए हैं। अब चुने गए कुल विधायकों में से 42 को पटना हाईकोर्ट ने नोटिस थमा दिया है। इन विधायकों पर चुनाव के दौरान वोट में अनियमितता और चुनावी हलफनामे में गलत जानकारी देने के आरोप लगाए गए हैं। वहीं, नोटिस जारी होने के बाद सियासी गलियारों में हड़कंप मच गया है।

बता दें कि संबंधित विधानसभा क्षेत्र से चुनाव हारने वाले उम्मीदवारों ने जीते हुए विधायकों के खिलाफ पटना हाईकोर्ट का रुख किया था। अब याचिका पर सुनवाई करते हुए हाईकोर्ट ने 42 विधायकों को नोटिस जारी कर जवाब दाखिल करने को कहा है।

मंत्री को भी नोटिस

वहीं, जिन नेताओं को नोटिस जारी हुआ है, उनमें वित्त और ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र यादव भी शामिल है। भाजपा विधायक जिवेश मिश्रा, जदयू विधायक चेतन आनंद, राजद विधायक अमेंद्र प्रसाद समेत अन्य पक्ष-विपक्ष के एमएलए भी शामिल हैं। कोर्ट आने वाले दिनों में इस मामले में आगे की सुनवाई करेगा। अगली सुनवाई के दौरान विधायकों के जवाब और साक्ष्य के आधार पर आगे की प्रक्रिया तय होगी।

14 नवबंर को आया चुनाव का नतीजा

बता दें कि 14 नवबंर 2025 को बिहार विधानसभा चुनाव के परिणाम आए थे। उसके बाद कई नेताओं ने पटना हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया था। विधानसभा चुनाव में एनडीए की बंपर जीत हुई थी। चुनाव परिणाम में राजद को 25 सीटें मिली थी। वहीं, कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं, सत्ता पक्ष की बात करे तो भाजपा को 89 सीटों पर जीत मिली। वहीं, सहयोगी जदयू ने 85 सीटों पर परमच लहाराया था। चिराग पासवान की पार्टी को 19 सीटें, कुशवाहा की पार्टी को चार और जीतन राम मांझी की पार्टी को पांच सीटों पर जीत मिली थी।