MCD Mayor Election: दिल्ली नगर निगम की सियासत में बुधवार को बड़ा बदलाव देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार प्रवेश वाही को नया मेयर चुन लिया गया है। पीठासीन अधिकारी राजा इकबाल सिंह ने उनके मेयर चुने जाने की आधिकारिक घोषणा की। रोहिणी ईस्ट से पार्षद प्रवेश वाही ने कुल 156 वोट हासिल किए। इनमें इंद्रप्रस्थ विकास पार्टी के 14 पार्षदों का समर्थन भी शामिल रहा। वहीं कांग्रेस के उम्मीदवार हाजी जराफ को सिर्फ 9 वोट ही मिल सके।
अन्य पदों के लिए भी हुआ मतदान
मेयर चुनाव के साथ ही डिप्टी मेयर और अन्य पदों के लिए भी मतदान हुआ। आनंद विहार से बीजेपी पार्षद मोनिका पंत को 156 वोटों के साथ डिप्टी मेयर चुना गया। इसके अलावा स्थायी समिति (स्टैंडिंग कमेटी) के लिए बेगमपुर से पार्षद जय भगवान यादव, पहाड़गंज से मनीष चड्ढा और शालीमार बाग से जलज चौधरी निर्वाचित हुए। जीत के बाद प्रवेश वाही ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में दिल्ली को साफ-सुथरा बनाने और विकास कार्यों को तेज करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हम दिल्ली को स्वच्छ बनाएंगे और विकास के लिए लगातार काम करेंगे।
273 वोटों का इलेक्टोरल कॉलेज
इस बार मेयर चुनाव के लिए कुल 273 वोटों का इलेक्टोरल कॉलेज था। इसमें 249 पार्षद, दिल्ली विधानसभा द्वारा नामित 14 विधायक, 7 लोकसभा सांसद और 3 राज्यसभा सदस्य शामिल थे। जीत के लिए 137 वोट जरूरी थे, जिसे भाजपा उम्मीदवार ने आसानी से पार कर लिया। इस चुनाव की एक खास बात यह रही कि आम आदमी पार्टी ने मतदान से दूरी बनाई। पार्टी ने चुनाव में हिस्सा नहीं लिया। आम आदमी पार्टी के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कहा कि यह फैसला भाजपा को एमसीडी की जिम्मेदारी देने और उसके कामकाज को जनता के सामने लाने के लिए लिया गया है।
सौरभ भारद्वाज ने लगाया भाजपा पर आरोप
अध्यक्ष ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता में रहने के बावजूद वह दिल्ली में बड़े बदलाव नहीं ला सकी है। गौरतलब है कि नवंबर 2024 में आम आदमी पार्टी के महेश कुमार खिंची बेहद करीबी मुकाबले में तीन वोटों से मेयर चुने गए थे। साल 2022 में पूर्वी, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली नगर निगमों को मिलाकर एकीकृत दिल्ली नगर निगम बनाया गया था।