Ladakh Expensive Egg Auction: ईरान में चल रहे संघर्ष के पीड़ितों खासकर बच्चों की मदद के लिए लद्दाख के लेह जिले में अनोखी चंदा मुहिम चल रही है। इसी दौरान रविवार को एक सामान्य अंडे (जिसकी बाजार कीमत महज 10 रुपये है) को नीलामी में 25 हजार रुपये में खरीदा गया। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
अंजुमन इमामिया लेह और मजलिस-ए-उलेमा लेह की ओर से आयोजित इस खुली नीलामी में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। दान में मिले जेवरात, कपड़े, फर्नीचर, नकदी और अन्य सामान के साथ-साथ एक मुर्गी ने उसी सुबह एक अंडा दिया, जिसे नीलामी के लिए रखा गया। उस अंडे को स्थानीय निवासी शब्बीर हुसैन ने इसे 25 हजार रुपये में खरीद लिया।
शब्बीर हुसैन ने बताई खास वजह
नीलामी के बाद मीडिया से बातचीत में शब्बीर हुसैन ने कहा 'सब जानते हैं कि एक अंडे की कीमत 10 रुपये है। मैंने 25 हजार रुपये इसलिए नहीं दिए कि मेरे पास पैसे थे। अमेरिका-इजरायल की कार्रवाई से ईरान में बच्चों पर जो जुल्म-अत्याचार हो रहा है, उसका संदेश देने के लिए मैंने यह रकम दी। इससे उनकी मदद हो सके। हम जान देने को भी तैयार हैं। हम इसी समुदाय के लिए जिंदा हैं। हमारे लीडर जो आदेश देंगे, हम उसी का पालन करेंगे। अभी तक उन्होंने कोई आदेश नहीं दिया है।'
बता दें, ईरान-इजरायल-अमेरिका तनाव के बीच लद्दाख और कश्मीर के कई इलाकों में ईरानी पीड़ितों के लिए चंदा जुटाने के कार्यक्रम चल रहे हैं। लोग न सिर्फ नकदी, बल्कि सोना-चांदी, बच्चों के पिग्गी बैंक और घरेलू सामान भी दान कर रहे हैं। लेह की इस नीलामी में कई अन्य सामान भी ऊंची कीमतों पर बिके।