KhabarFast

ईरान वार्ता के बीच ट्रंप ने खोला ऊर्जा भंडार का पिटारा, दुनिया को जोड़ने के लिए बनाई नई रणनीति

Nancy | 11 Apr, 2026

US Oil and Gas Reserves: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध के कारण वैश्विक तेल आपूर्ति में आई कमी को देखते हुए दुनिया के तेल आयातक देशों को अमेरिकी तेल और गैस खरीदने का खुला आमंत्रण दिया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर एक आकर्षक पोस्ट कर कहा कि अमेरिका के पास तेल और गैस के भरपूर भंडार हैं और प्रभावित देशों को अमेरिका से खरीदना चाहिए।

यह कदम ईरान के साथ चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत के बीच आया है, जिसमें पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है। ट्रंप ने हाल ही में ईरान की ओर से होर्मुज स्ट्रेट से 8-10 तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति को बड़ा गिफ्ट बताया था। उन्होंने इसे अच्छी नीयत का संकेत माना और कहा कि ईरान के साथ वार्ता सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है।

Also read: पाकिस्तान का वो होटल कितना खास जहां होगी ईरान-अमेरिका की वार्ता, एस जयशंकर से क्या कनेक्शन

ट्रंप का पोस्ट 

ट्रंप ने अपने संबोधन और पोस्ट में जोर देकर कहा 'Buy oil from the United States of America. We have plenty.' उन्होंने दुनिया के उन देशों से अपील की जो होर्मुज की खाड़ी से तेल आयात पर निर्भर हैं और वर्तमान संकट से प्रभावित हो रहे हैं। ट्रंप का दावा है कि अमेरिका दुनिया का सबसे बड़ा तेल उत्पादक देश है और वैश्विक बाजार की जरूरतों को पूरा करने की क्षमता रखता है।

बता दें, ईरान युद्ध के कारण तेल की कीमतों में तेज उछाल के बीच ट्रंप प्रशासन ने स्ट्रैटेजिक पेट्रोलियम रिजर्व (SPR) से 172 मिलियन बैरल तेल निकालने का फैसला किया है। यह रिलीज अंतरराष्ट्रीय ऊर्जा एजेंसी (IEA) के 32 सदस्य देशों के समन्वित प्रयास का हिस्सा है, जिसमें कुल 400 मिलियन बैरल तेल बाजार में लाया जाएगा। रिलीज अगले कुछ महीनों में चरणबद्ध तरीके से होगी और इसका मकसद बाजार को स्थिर करना है।

पाकिस्तान में US-ईरान की वार्ता 

मालूम हो कि पाकिस्तान में ईरान और अमेरिका के बीच अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है। ट्रंप ने चेतावनी दी है कि अगर बातचीत असफल रही तो ईरान पर और हमले हो सकते हैं, लेकिन उन्होंने सकारात्मक संकेतों पर जोर दिया। होर्मुज स्ट्रेट की स्थिति को लेकर भी ट्रंप सक्रिय हैं और कहा है कि प्रभावित देश खुद इस मार्ग की सुरक्षा का जिम्मा लें।