Haryana News: नोएडा के फेज-2 में प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। 13 अप्रैल को प्रदर्शन हिंसक हो गया। नोएडा में कर्मचारियों ने गाड़ी को आग के हवाले कर दिया। अब प्रदर्शन की आच नोएडा से फरीदाबाद तक पहुंच गया है।
फरीदाबाद के सेक्टर-37 में भी प्राइवेट कंपनी के कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं। हालांकि, यहां प्रदर्शन शांतिपूर्ण रहा। किसी भी तरह की अप्रिय घटना ना हो इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। फरीदाबाद की सेक्टर 37 स्थित मदरसन कंपनी के हजारों कर्मचारी सैलरी बढ़ोतरी की मांग कर रहे हैं।
बुलंदशहर में हड़ताल पर कर्मचारी
नोएडा, फरीदाबाद के अलावा बुलंदशहर में सिंकदराबाद के औद्योगिक क्षेत्र में भी कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं। यहां टीएजी कंपनी के कर्मचारी जोरदार धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारी अपनी सैलरी बढ़ोतरी और पीएफ-ईएसआई व अन्य सुविधाओं को लेकर हंगामा कर रहे हैं। यहीं नहीं कर्मचारी ने ठेकेदारों पर शोषण के गंभीर आरोप लगाते हुए नारेबाजी की। वहीं, हालात को देखते हुए एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एएलसी पल्लवी अग्रवाल, एडीएम व सीओ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने आश्वासन के बाद श्रमिकों को शांत कराया गया।
नोएडा में हिंसक हुआ प्रदर्शन
नोएडा में वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर मजदूरों का प्रदर्शन तेज हो गया है। सैकड़ों मजदूर सड़कों पर उतर आए और गाड़ियों में तोड़फोड़ की। हालांकि, पुलिस ने मजदूरों को शांत कराने का प्रयास किया। पुलिस ने हल्का बल का प्रयोग कर प्रदर्शनकारी मजदूर को तितर-बितर किया। बताया जा रहा है कि नोएडा प्रशासन ने प्रदर्शनकारी मजदूरों की ज्यादातर मांगे स्वीकार कर ली थी। जिसमें 10 तारीख को सैलरी, ओवरटाइम, फैक्ट्रियों में सीसीटीवी कैमरे जैसी मांगे शामिल हैं।