Tamil Nadu BJP Manifesto: भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आज तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए अपना चुनावी घोषणा-पत्र जारी कर दिया। केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने चेन्नई में पार्टी के तमिलनाडु अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन, के अन्नामलाई और तमिलिसाई सौंदरराजन की मौजूदगी में इसे सार्वजनिक किया। तमिल नव वर्ष के शुभ अवसर पर जारी इस घोषणा-पत्र में भाजपा ने महिलाओं, किसानों, युवाओं और सुरक्षा से जुड़े बड़े वादे किए हैं।
महिलाओं की सुरक्षा पर दिया जोर
घोषणा-पत्र में सबसे ज्यादा जोर महिलाओं की आर्थिक सुरक्षा पर दिया गया है। भाजपा ने वादा किया है कि हर परिवार की महिला मुखिया को हर महीने ₹2000 की नकद सहायता दी जाएगी। इसके अलावा गरीब परिवारों को साल में तीन मुफ्त LPG सिलेंडर दिए जाएंगे—एक पोंगल, एक दीवाली और एक तमिल पुथांडु (तमिल नव वर्ष) पर। इसके अलावा महिलाओं को इलेक्ट्रिक स्कूटर खरीदने के लिए ₹25,000 की सब्सिडी, घर खरीदने पर 3 प्रतिशत स्टांप ड्यूटी में छूट और महिला स्व-सहायता समूहों व एमएसएमई को ₹50 लाख तक ब्याज-मुक्त ऋण की भी घोषणा की गई है।
इसी के साथ कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को मजबूत करने के लिए भाजपा ने विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने का वादा किया है। इन कोर्टों में महिलाओं और बच्चों के खिलाफ जघन्य अपराधों (POCSO सहित) तथा नशीले पदार्थों के मामलों की तेज सुनवाई होगी। साथ ही जीरो FIR व्यवस्था, बसों-स्कूलों-कॉलेजों में 100 प्रतिशत CCTV कवरेज और पीड़ितों-गवाहों की सुरक्षा को भी प्राथमिकता दी गई है।
DMK पर लगाया भ्रष्टाचार का आरोप
जेपी नड्डा ने घोषणा-पत्र जारी करते हुए कहा कि भाजपा जो कहती है, उसे पूरा भी करती है। पार्टी ने सत्तारूढ़ DMK पर भ्रष्टाचार, वादाखिलाफी और महिलाओं-युवाओं-किसानों के प्रति उपेक्षा का आरोप लगाया। बता दें, तमिलनाडु में 23 अप्रैल 2026 को एक चरण में विधानसभा चुनाव होने हैं , जिसका रिजल्ट 04 मई को घोषित किए जाएंगे। भाजपा इस बार एनडीए के साथ मजबूत दावेदारी पेश कर रही है।