Suvendu Adhikari on Delhi Victory: दिल्ली विधानसभा की 70सीटों के लिए हुए चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को बड़ा झटका लगा है। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल की है। इस जीत के बाद, बंगाल भाजपा के नेता सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को चेतावनी दी। उन्होंने कहा, "दिल्ली की जीत हमारी है, अब 2026में बंगाल की बारी है।" उन्होंने यह भी कहा कि जैसे दिल्ली में बदलाव आया, वैसे ही अब बंगाल में भी भाजपा की लहर चलेगी और यहां राष्ट्रवादी सरकार बनेगी।
सुवेंदु अधिकारी ने ममता सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि बंगाल में पुलिस का गलत इस्तेमाल भाजपा कार्यकर्ताओं और नेताओं को झूठे मामलों में फंसाने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने चुनाव आयोग और केंद्र सरकार से अपील की कि पश्चिम बंगाल में निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित किए जाएं। ताकि तृणमूल कांग्रेस की सरकार द्वारा की जा रही धांधली और पुलिस के दुरुपयोग को रोका जा सके।
आप ने दिल्ली को बर्बाद कर दिया - सुवेंदु अधिकारी
भाजपा की जीत पर खुशी जताते हुए सुवेंदु अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत भ्रष्टाचार और झूठी राजनीति के अंत की शुरुआत है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली की जनता से किए गए वादों के साथ धोखा किया और भ्रष्टाचार में लिप्त रही। इसके परिणामस्वरूप, दिल्ली की जनता ने आप को जवाब दिया। अधिकारी ने कहा कि दिल्ली को अंतरराष्ट्रीय स्तर का शहर बनाना चाहिए था, लेकिन आप सरकार ने इसे बर्बाद कर दिया।
बंगाल में भी होगा बदलाव, मोदी सरकार का विकास मॉडल
सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विकास की तरह दिल्ली में भी सुधार होना चाहिए था। उन्होंने दावा किया कि मोदी सरकार ने यमुना एक्सप्रेसवे और अन्य बुनियादी ढांचे का विकास किया, जबकि दिल्ली सरकार इन मुद्दों को संभालने में विफल रही। इसके साथ ही, अधिकारी ने दावा किया कि 90प्रतिशत से अधिक बंगाली मतदाताओं ने भाजपा के पक्ष में मतदान किया।
Leave a comment