WEATHER UPDATE: आज से खत्म हुआ दिल्लीवासियों का मानसून इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

WEATHER UPDATE: आज से खत्म हुआ दिल्लीवासियों का मानसून इंतजार, इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट

नई दिल्ली: दिल्लीवासियों का मानसून का इंतजार आज से खत्म हो रहा है। मौसम विभाग की मानें तो आज से दिल्ली में मानसून की एंट्री हो सकती है। आज के दिन यानी 27 जून को दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। साथ ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 27 जून से 2 जुलाई तक गरज के साथ बारिश की गतिविधियां देखने को मिलेंगी।  28 जून से दिल्ली में रोजाना हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है हालांकि, दिल्ली में आज, 27 जून को न्यूनतम तापमान 29 डिग्री और अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।  मौसम विभाग के मुताबिक, 29जून से दिल्ली के तापमान में कमी आने की संभावना है। वहीं, 30जून तक दिल्ली में मॉनसून के पहुंचने की संभावना है।

आपको बता दें कि दक्षिण पश्चिम मानसून फिर रफ्तार पकड़ने जा रहा है। अरब सागर, राजस्थान, ओडिशा और गुजरात से उत्तरी केरल तट तक बने मौसमी सिस्टम इसे ताकत देंगे। चक्रवाती हवाएं नमी लाएंगी और उमड़ते बादल बरस पड़ेंगे। पिछले कुछ दिनों से अनुकूल मौसमी चक्र नहीं बनने से राजधानी दिल्ली समेत कई इलाकों में फिर गर्मी व उमस ने लोगों को बेहाल कर रखा है। हालांकि देश के तमाम हिस्सों में पिछले दिनों हुई प्री मानसून की वर्षा के बावजूद वातावरण से ठंडक गायब हो गई।

मौसम विभाग के अनुसार कई मौसमी सिस्टम सक्रिय होने से देश में अगले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होगी। पूर्वी मध्य और पूर्वोत्तर अरब सागर के साथ-साथ दक्षिण गुजरात, महाराष्ट्र, गोवा, कर्नाटक के तटों पर तेज हवाएं चलने की संभावना है। दक्षिण पश्चिम और पश्चिम मध्य अरब सागर में भी तेज हवाएं चलने की संभावना है। वहीं कोंकण और गोवा में अलग-अलग स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश संभावना जताई है। उत्तराखंड, मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, बिहार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में वर्षा होगी।

गुजरात, मध्य महाराष्ट्र, तटीय कर्नाटक और केरल में अलग-अलग जगहों पर भारी बारिश का अनुमान है। बिहार के विभिन्न हिस्सों में तेज हवाओं के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ेंगी। मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, मध्य महाराष्ट्र, मराठवाड़ा, तटीय आंध्र प्रदेश के भी कुछ हिस्सों में गरज चमक के साथ वर्षा होगी।

Leave a comment