अवैध प्रवासियों पर अमेरिका का प्रहार, 7 महीने में 1,703 भारतीय डिपोर्ट; पंजाब-हरियाणा के नागरिक सबसे ज्यादा
Illegal Immigrants Deported: अमेरिका ने 20 जनवरी से 22 जुलाई, 2025 यानी पिछले सात महीनों में 1,703 भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया है। जिनमें से अधिकांश पंजाब, हरियाणा और गुजरात के नागरिक हैं। दरअसल, राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने लोकसभा में यह जानकारी दी है। इनमें से 620 लोग पंजाब से, 604 हरियाणा से और 245 गुजरात से थे। इसके अलावा उत्तर प्रदेश (38), गोवा (26), महाराष्ट्र (20), दिल्ली (20), और अन्य राज्यों से भी कुछ लोग शामिल थे। इनमें 1,562 पुरुष और 141 महिलाएं थीं।
अमेरिका से भारतीय नागरिकों का डिपोर्टेशन
अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प की नई सरकार ने अवैध प्रवासियों के खिलाफ सख्त नीतियां लागू की हैं। जिसके तहत डिपोर्टेशन की प्रक्रिया को तेज किया गया है। साल 2025 में डिपोर्ट किए गए भारतीयों में से अधिकांश ने अवैध रूप से अमेरिका में प्रवेश करने की कोशिश की थी, खासकर मेक्सिको और कनाडा की सीमाओं के जरिए। कई लोग तथाकथित "डॉन्की रूट" का इस्तेमाल करते हैं।
जानकारी के अनुसार, अमेरिका ने इस साल फरवरी में 333 लोग अमेरिकी सैन्य विमानों के जरिए, मार्च और जून में 231 लोग चार्टर उड़ानों से और जुलाई में 300 लोग डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) की चार्टर उड़ानों के जरिए भारतीय नागरिकों को डिपोर्ट किया। इसके अलावा 767 लोग व्यावसायिक उड़ानों से छोटे समूहों या व्यक्तिगत रूप से वापस आए।
पंजाब और हरियाणा क्यों?
दरअसल, पंजाब और हरियाणा से बड़ी संख्या में लोग अमेरिका जैसे देशों में बेहतर जिंदगी की तलाश में प्रवास करते हैं। पंजाब में सिख समुदाय का प्रभुत्व और हरियाणा में आर्थिक अवसरों की कमी इसके प्रमुख कारण हैं। गुजरात भी एक महत्वपूर्ण स्रोत रहा है, जहां से लोग अक्सर 'डंकी रूट' के जरिए अमेरिका पहुंचने की कोशिश करते हैं।
इन क्षेत्रों में अवैध प्रवास को बढ़ावा देने वाले एजेंटों की सक्रियता भी एक बड़ा कारण है। 2024 तक, 3,042 अवैध एजेंटों की पहचान की गई थी, जो लोगों को झूठे वादों के साथ विदेश भेजने का काम करते हैं। ये एजेंट लाखों रुपये लेकर लोगों को खतरनाक रास्तों से अमेरिका पहुंचाने का वादा करते हैं, लेकिन कई बार ये लोग सीमा पर पकड़े जाते हैं या धोखाधड़ी का शिकार हो जाते हैं।
दुनिया
देश
कार्यक्रम
राजनीति
खेल
मनोरंजन
व्यवसाय
यात्रा
गैजेट
जुर्म
स्पेशल
मूवी मसाला
स्वास्थ्य
शिक्षा
शिकायत निवारण
Most Popular
Leave a Reply