Karnatka News: कर्नाटक में दर्दनाक हादसा हुआ है। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले की थट्टे हक्कालु नदी में तेज बहाव के कारण 8 लोगों की मौत हो गई है। इनमें 7 महिलाएं शामिल हैं। जबकि दो लोग लापता बताए जा रहे हैं।
इस घटना पर प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने दुख जताया है। मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने मृतकों के परिवार को पांच लाख रुपए सहायता राशि देने का ऐलान किया है।
दो लोग अब भी लापता
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शिराली गांव के करीब 14 लोग नदी में मीठे पानी की सीप इकट्ठा करने के लिए उतरे थे, जो स्थानीय लोगों की ओर से नदी किनारे किया जाने वाला एक मौसमी काम है। इस दौरान वे पानी के स्तर का सही अंदाजा लगाए बगैर नदी के गहरे हिस्से में चले गए। वहीं, जब पानी का बहाव अचानक तेज हुआ तो-दो लोग बहने लगे। इसके बाद कुछ अन्य लोग उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई, जिसके कारण ज्यादा लोग तेज बहाव की चपेट में आ गए। पुलिस सूत्रों ने कहा कि अब तक आठ शव बरामद हुए हैं, जबकि दो लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं।
Also read: सुप्रीम कोर्ट की बड़ी टिप्पणी, कहा- माता-पिता IAS हैं तो बच्चों को आरक्षण क्यों?
पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान
पीएम मोदी ने कहा कि कर्नाटक के करवार जिले में हुई दुखद घटना के बारे में सुनकर मैं गहरे सदमे में हूं। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। उन्होंने कहा कि मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि दी जाएगी।