आज का इतिहास: भारत ने श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे पर लगाया था प्रतिबंध, इंग्लैंड और नीदरलैंड ने फ्रांस, स्पेन के खिलाफ की थी युद्ध की घोषणा

आज का इतिहास: भारत ने श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे पर लगाया था प्रतिबंध, इंग्लैंड और नीदरलैंड ने फ्रांस, स्पेन के खिलाफ की थी युद्ध की घोषणा

नई दिल्ली: भारत और विश्व में 14 मई का दिन कुछ खास महत्व रखता है। आज फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का जन्मदिन है। वहीं आज ही के दिन भारत ने पड़ोसी देश श्रीलंका के विद्रोही संगठन लिट्टे पर प्रतिबंध लगाया था।

दरअसल भारत ने गैरकानूनी गतिविधियां संबंधी अधिनियम के तहत लिबरेशन टाइगर्स ऑफ तमिल ईलम (लिट्टे) पर 14 मई 1992 को प्रतिबंध लगा दिया था। इसी के साथ यूरोपीय संघ, कनाडा और अमेरिका में भी इस संगठन पर प्रतिबंध लगा दिया था। गौरतलब है कि श्रीलंका सरकार के विरुद्ध लिट्टे के संघर्ष के दौरान शांति बहाली के लिए द्वीपीय देश गई भारतीय सेना को वहां बल प्रयोग करना पड़ा था। साथ ही इसी दिन सन् 1955 में वारसा संधि पर हस्ताक्षर किया गया था। सोवियत संघ और पूर्वी यूरोप के उसके सहयोगी देशों ने पोलैंड की राजधानी वारसा में इस संधि पर हस्ताक्षर किए। इसके जरिए सदस्य देशों के बीच आर्थिक, सैनिक और सांस्कृतिक संबंधों के विकास पर सहमति बनी।

इसके अलावा सन् 1607 में उत्तरी अमेरिका में अंग्रेजों ने अपना पहला स्थायी अड्डा स्थापित किया। जिसे जेम्स टाउन, वर्जीनिया का नाम दिया गया। सन् 1610 में फ्रांस में हेनरी चौथे की हत्या की गई और लुइस तेरहवें फ्रांस की गद्दी पर बैठे। सन् 1702 में इंग्लैंड और नीदरलैंड ने फ्रांस और स्पेन के खिलाफ़ युद्ध की घोषणा इसी दिन यानी 14 मई को की गई थी। सन् 1811 में पराग्वे स्पेन से मुक्त हुआ। वहीं सन् 1878 में पहली बार वैसलीन ब्रांड नाम का रॉबर्ट ए चेसब्राफ ने पंजीकरण करवाया गया था।

देश-दुनिया की कुछ अन्य घटनाएं

1879 : थॉमस एडिसन यूरोप की एडिसन टेलीफोन कंपनी से जुड़े।

1944 : ब्रिटिश सैनिकों ने कोहिमा पर कब्जा किया।

1948 : इस्राइल ने ब्रिटेन से स्वतंत्रता की घोषणा की।

1963 : कुवैत संयुक्त राष्ट्र का 111 वां सदस्य बना।

1973 : अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट ने सेना में महिलाओं के समान अधिकार को मंजूरी दी।

1984 : फेसबुक के संस्थापक मार्क जुकरबर्ग का जन्म।

1991 : दक्षिण अफ़्रीक़ा के रंगभेद विरोधी नेता नेल्सन मंडेला की पत्नी विनी मंडेला को चार युवकों के अपहरण के मामले में छह साल की सज़ा सुनाई गई।

1992 : भारत ने लिट्टे पर प्रतिबंध लगाया ।

2012 : इस्राइल की जेलों में बंद 1500 फलस्तीनी कैदी भूख हड़ताल समाप्त करने पर सहमत हुए।

2013 : ब्राजील समलैंगिक विवाह को मान्यता देने वाला 15वां देश बना।

Leave a comment