PM Modi In Bharat Tex Program: रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत मंडपम में आयोजित भारत टेक्स कार्यक्रम को संबोधित किया। इस दौरान पीएम मोदी ने वहां आए प्रतिभागियों से बातचीत की और साथ ही पीएम को प्रदर्शनी के कई पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई। इस मौके पर पीएम ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'भारत टेक्स का दूसरा सत्र भारत मंडपम में आयोजित किया जा रहा है। भारत टेक्स हमें हमारी परंपरा के साथ-साथ विकसित भारत की भी झलक दिखाता है। हमने जो बीज बोया है, वह बहुत तेजी से बढ़ रहा है'। इससे पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारत टेक्स 2025 में एक प्रदर्शनी का दौरा किया। प्रधानमंत्री ने प्रतिभागियों से बातचीत की और उन्हें प्रदर्शनी के कई पहलुओं के बारे में जानकारी दी गई।
“120 अधिक देश भाग ले रहे”
पीएम मोदी ने आगे कहा- भारत टेक्स एक बड़ा वैश्विक आयोजन है, इसमें 120 अधिक देश भाग ले रहे हैं। बता दें कि, भारत टेक्स 2025 का आयोजन 14-17 फरवरी को भारत मंडपम में किया जा रहा है। यह कच्चे माल से लेकर तैयार उत्पादों तक वस्त्रों की संपूर्ण मूल्य श्रृंखला को एक ही मंच पर लाने वाला एक अनूठा कार्यक्रम है।
पीएम मोदी ने आगे कहा- इस आयोजन से टेक्सटाइल सेक्टर में इनवेस्टमेंट एक्सपोर्ट और ओवरॉल ग्रोथ को जबरदस्त बढ़ावा मिल रहा है। भारत टेक्स के इस आयोजन में हमारे परिधानों के जरिए भारत की सांस्कृतिक विविधताओं के भी दर्शन होते हैं। मेरे कुछ सहकर्मियों ने बताया कि एक कारखाना स्थापित करने में औसतन 70-75 करोड़ रुपये का खर्च आता है और इससे लगभग 2,000 लोगों को रोजगार मिलता है। मैं सबसे पहले बैंकिंग क्षेत्र के लोगों से आग्रह करूंगा कि वे इन उद्योगों की मांगों को समझें।
कपड़ा रिसाइक्लिंग बाजार 40 करोड़ डॉलर तक...
पीएम मोदी ने कहा कि अगले कुछ वर्षों में भारत की कपड़ा रिसाइक्लिंग बाजार 40 करोड़ डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। वैश्विक रिसाइक्लिंग बाजार करीब 7.5 अरब डॉलर तक पहुंचने का अनुमान है। अगर हम सही दिशा में आगे बढ़ें, तो भारत इसमें और बड़ा शेयर हासिल कर सकता है। इस सफलता के पीछे पूरे एक दशक की मेहनत और निरंतर नीति को श्रेय देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले एक दशक में हमारे कपड़ा क्षेत्र में विदेशी निवेश दोगुना हुआ है। कपड़ा देश में सबसे ज्यादा रोजगार के अवसर देने वाली उद्योगों में से एक है। भारत की उत्पादकता में क्षेत्र 11 प्रतिशत का योगदान दे रहा है। इस बार बजट में भी हमने मिशन मैन्युफैक्चरिंग पर बल दिया है। क्षेत्र में निवेश और विकास का लाभ करोड़ों कपड़ा क्षेत्र के कामगारों को मिल रहा है।
Leave a comment