स्पेन को पछाड़कर पुर्तगाल बना नेशंस लीग चैंपियन, रोनाल्डो के आंसुओं ने बयां की जीत की कहानी

स्पेन को पछाड़कर पुर्तगाल बना नेशंस लीग चैंपियन, रोनाल्डो के आंसुओं ने बयां की जीत की कहानी

Nations League 2025: जर्मनी के म्यूनिख में खेले गए यूईएफए नेशंस लीग 2025 के फाइनल में पुर्तगाल ने स्पेन को पेनल्टी शूटआउट में 5-3 से हराकर अपना दूसरा नेशंस लीग खिताब अपने नाम किया। पुर्तगाल ये खिताब जीतने वाला पहला देश बन गया है। इस जीत के बाद 40 वर्षीय क्रिस्टियानो रोनाल्डो की आंखों में खुशी के आंसू छलक आए।

बता दें, पुर्तगाल और स्पेन के बीच यह फाइनल एक हाई-वोल्टेज मुकाबला जैसा ही था। यह मुकाबला जो 90 मिनट के नियमित समय और 30 मिनट के अतिरिक्त समय के बाद 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। लेकिन पेनल्टी शूटआउट में पुर्तगाल ने स्पेन की टीम को हरा दिया।

मैच की शुरुआत में स्पेन  का दबदबा

स्पेन ने मैच की शुरुआत में ही दबदबा बनाया। 21वें मिनट में मार्टिन जुबिमेंडी ने लामाइन यामाल की डिलीवरी पर पुर्तगाल की रक्षा पंक्ति की गलती का फायदा उठाकर आसान गोल दागा। हालांकि, पुर्तगाल ने जल्द ही जवाबी हमला किया। 26वें मिनट में नूनो मेंडेस ने रोनाल्डो की मदद से शानदार गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। लेकिन हाफटाइम से ठीक पहले, मिकेल ओयारजाबाल ने पेड्री के शानदार पास पर गोल करके स्पेन को 2-1 की बढ़त दिला दी।

दूसरा हाफ में दिखा रोनाल्डो का कमाल

दूसरे हाफ में पुर्तगाल ने खेल में वापसी की। 61वें मिनट में क्रिस्टियानो रोनाल्डो ने नूनो मेंडेस के डिफ्लेक्टेड क्रॉस पर शानदार वॉली मारकर स्कोर 2-2 कर दिया। रोनाल्डो ने इस गोल के लिए मार्क कुकुरेला को पीछे छोड़ते हुए अपनी ताकत और अनुभव का प्रदर्शन किया।

पेनल्टी शूटआउट में पुर्तगाल की जीत

इसके बाद मैच पेनल्टी शूटआउट में गया, जहां पुर्तगाल ने अपनी शानदार तकनीक और आत्मविश्वास का प्रदर्शन किया। गोंसालो रामोस, विटिन्हा, ब्रूनो फर्नांडिस, और नूनो मेंडेस ने अपने-अपने पेनल्टी को गोल में बदला। स्पेन के लिए मिकेल मेरीनो, इस्को, और एलेक्स बाएना ने गोल किए, लेकिन अल्वारो मोराता का कमजोर शॉट पुर्तगाल के गोलकीपर डियोगो कोस्ता ने रोक लिया। आखिरी पेनल्टी में रूबेन नेवेस ने शानदार शॉट के साथ पुर्तगाल को 5-3 से जीत दिलाई। 

ऐतिहासिक जीत के बाद रोनाल्डो हुए भावुक

पुर्तगाल की ऐतिहासिक जीत के बाद रोनाल्डो भावुक हो गए। पेनल्टी शूटआउट के दौरान वह अपने साथियों के पीछे छिपकर तनाव भरे पल देख रहे थे। जब नेवेस ने विजयी पेनल्टी दागी, तो रोनाल्डो घुटनों पर बैठ गए और उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। बाद में उन्होंने ट्रॉफी उठाई और एलियांज एरेना में कंफेटी की बारिश के बीच उत्सव मनाया।

मैच जीतने के बाद रोनाल्डो ने कहा 'पुर्तगाल के लिए जीतना हमेशा खास होता है। मेरे पास कई क्लब खिताब हैं, लेकिन पुर्तगाल के लिए जीतना सबसे बड़ा सुख है। यह आंसू मेरे कर्तव्य और खुशी के हैं।' मालूम हो कि इस मैच में यह उनका 138वां अंतरराष्ट्रीय गोल था, जो उनके करियर का 938वां गोल था। साथ ही, यह उनके करियर की 34वीं ट्रॉफी थी।  

Leave a comment