IPL 2025, KL Rahul: आईपीएल 2025 का 40वां मुकाबला 22 अप्रैल को दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेला जाएगा। इस मैच में फैंस की नजरें खासतौर पर केएल राहुल पर होंगी, जो इस सीजन दिल्ली के लिए खेल रहे हैं। उनके पास इस मुकाबले में आईपीएल इतिहास में सबसे तेज 5000 रन बनाने का शानदार मौका है।
बता दें कि,अब तक केएल राहुल ने आईपीएल में 129 पारियों में 4949 रन बना लिए हैं। अगर वह अगले मैच में 51 रन और बना लेते हैं, तो वह डेविड वॉर्नर को पीछे छोड़ देंगे, जिन्होंने 135 पारियों में 5000 रन पूरे किए थे। विराट कोहली इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर हैं, जिन्होंने 157 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। अगर राहुल ये कारनामा कर लेते हैं, तो वह सबसे तेज 5000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन जाएंगे और पहले भारतीय भी।
सीजन में अब तक राहुल का प्रदर्शन दमदार
आईपीएल 2025 में केएल राहुल जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने अब तक 6 मैचों में 53.20 की औसत से 266 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 158.33 का रहा है। इस सीजन वह दो अर्धशतक भी लगा चुके हैं और दिल्ली के टॉप स्कोरर हैं। उनकी शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने 7में से 5मुकाबले जीतकर 10 अंकों के साथ प्वाइंट्स टेबल में दूसरा स्थान हासिल किया है।
राहुल का आईपीएल सफर
केएल राहुल ने 2013 में आरसीबी के लिए आईपीएल डेब्यू किया था। बाद में वह सनराइजर्स हैदराबाद और दोबारा आरसीबी का हिस्सा रहे। 2018 में पंजाब किंग्स से जुड़े और 2021 तक टीम के स्टार बल्लेबाज़ रहे। इसके बाद 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स में शामिल हुए और कप्तानी भी की। अब 2025 की नीलामी में दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें अपनी टीम में शामिल किया है।
अगर केएल राहुल अगले मैच में इतिहास रचते हैं, तो यह न केवल उनके लिए, बल्कि दिल्ली कैपिटल्स के लिए भी गर्व का क्षण होगा।
Leave a comment