Abhishek Sharma Century vs Zimbabwe: अपने पहले टी20 इंटरनेशनल मैच में बिना खाता खोले आउट होकर पवेलियन लौटने वाले अभिषेक शर्मा ने दूसरे मैच में सारी कसर पूरी कर दी। उन्होंने जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की बखिया उधेड़ दी और शतक जड़ दिया। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यह उनका पहला शतक है। वह भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल मैचों में शतक लगाने वाले क्लब में शामिल हो गए हैं। ओपनिंग करने आए अभिषेक शर्मा ने महज 46 गेंदों में चौका-छक्का लगाकर अपना शतक पूरा किया।
तीसरा सबसे तेज़ शतक
अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में 8 छक्के और 7 चौके लगाकर महज 46 गेंदों में अपना शतक पूरा किया। हालांकि, अगली ही गेंद पर वह कैच आउट हो गए। अभिषेक इस फॉर्मेट में सबसे तेज शतक लगाने वाले केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे भारतीय बन गए हैं। केएल राहुल ने भी 46 गेंदों में शतक लगाया। वहीं, इस फॉर्मेट में भारत के लिए सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड रोहित शर्मा के नाम है। उन्होंने ये कारनामा 35 गेंदों में किया। दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव हैं, जिन्होंने 45 गेंदों में अपना शतक पूरा किया।
छक्के से शुरुआत, फिफ्टी और शतक
इस मैच में अभिषेक शर्मा ने छक्के के साथ अपना खाता खोला। इतना ही नहीं उन्होंने अपना अर्धशतक भी छक्के से पूरा किया। इसके अलावा उन्होंने अपना शतक पूरा करने के लिए छक्का भी लगाया। वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में टी20 शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यह उनकी दूसरी ही पारी थी। वहीं, दीपक हुडा को शतक लगाने के लिए 3 पारियां लगीं। केएल राहुल ने चौथी पारी में शतक लगाया था।
शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा भारतीय
अभिषेक शर्मा भारत के लिए टी20 इंटरनेशनल में शतक लगाने वाले चौथे सबसे युवा खिलाड़ी हैं। अभिषेक ने 23 साल 307 दिन की उम्र में यह शतक लगाया। इस मामले में सबसे आगे यशस्वी जयसवाल हैं, जिन्होंने 21 साल 279 दिन की उम्र में अपना शतक पूरा किया। दूसरे स्थान पर शुभमन गिल हैं, जिन्होंने 23 साल 146 दिन की उम्र में शतक लगाया था। तीसरे नंबर पर दिग्गज बल्लेबाज सुरेश रैना का नाम है। रैना ने ये कारनामा 23 साल 156 दिन की उम्र में किया था।
भारत ने बनाये 234 रन
अभिषेक शर्मा के तूफानी शतक, ऋतुराज गायकवाड़ के अर्धशतक और रिंकू सिंह के लगातार छक्कों की बदौलत भारत ने 20 ओवर में सिर्फ 2 विकेट खोकर 234 रनों का विशाल स्कोर बोर्ड पर लगाया। ऋतुराज गायकवाड़ 77 रन बनाकर नाबाद लौटे। उनकी पारी में 11 चौके और 1 छक्का शामिल था। अभिषेक के आउट होने के बाद बल्लेबाजी करने आये रिंकू सिंह ने छक्कों की झड़ी लगा दी। उन्होंने नाबाद रहते हुए 22 गेंदों में 48 रन बनाए, जिसमें 5 छक्के और 2 चौके शामिल थे। जिम्बाब्वे के गेंदबाज दिन में तारे देखते नजर आए। शुबमन गिल का बल्ला आज भी नहीं चला। वह सिर्फ 2 रन ही बना सके।
Leave a comment