जयपुर: राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मुख्य अतिथि के रूप में लघु उद्योग भारती महिला संगठन, जयपुर की ओर से शुक्रवार को जवाहर कला केन्द्र के शिल्पग्राम में 04 अक्टूबर से 06 अक्टूबर तक आयोजित स्वयंसिद्धा हस्तशिल्प प्रदर्शनी-2024 का फीता काटकर शुभारम्भ किया।
प्रदर्शनी के शुभारम्भ के अवसर पर लघु उद्योग भारती के राष्ट्रीय अध्यक्ष घनश्याम ओझा, राष्ट्रीय महासचिव ओम प्रकाश गुप्ता, संगठन सचिव नरेश पारीक, MSME के संयुक्त निदेशक गौरव जोशी, महिला संगठन की प्रदेश उपाध्यक्ष अंजू सिंह, प्रांत महामंत्री सुनीता शर्मा जी, महिला इकाई अध्यक्ष प्रतिमा नैथानी, पूर्व EPCH अध्यक्ष लेखराज माहेश्वरी, लघु उद्योग भारती के पदाधिकारीगण आदि उपस्थित रहे।
महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है- उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने इस अवसर पर अपने सम्बोधन में कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में हमारी डबल इंजन की सरकार महिलाओं को आगे बढ़ाने, मजबूत बनाने, आर्थिक रूप से संबल प्रदान करने और आत्मनिर्भर बनाने के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि लघु उद्योग भारती से आयोजित इस प्रदर्शनी में महिला हस्तशिल्पियों को मंच प्रदान कर सम्बल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में पर्यटन की दृष्टि से नवाचार करते हुए होम स्टे आदि को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने प्रदर्शनी में विभिन्न वर्गों की महिलाओं द्वारा तैयार दैनिक घरेलु उपयोग के सामान, सजावट के सामान, तथा अन्य कलात्मक उत्पादों का विभिन्न स्टाल्स पर अवलोकन कर सराहा और इन कुटीर उद्योग एवं महिला उद्योग शिल्पकारों का उत्साहवर्धन किया।
Leave a comment