‘आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है’ राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना

‘आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है’  राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर साधा निशाना

नई दिल्ली:  देश में महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस के कार्यकर्ता दिल्ली कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।इसी बीच राहुल गांधी ने एक प्रेस वार्ता कर मोदी सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि हिटलर भी चुनाव जीतकर आया था। हिटलर कैसे चुनाव जीतता था? उसके पास सारी संस्थान उसके हाथ में थी। उसके पास पूरा ढ़ांचा था। मुझे पूरा ढांचा दे दो फिर मैं दिखाऊंगा चुनाव कैसे जीता जाता है।

राहुल गांधी ने कहा कि मुझे लगता है कि वह (केंद्रीय वित्त मंत्री) जिस मैक्रोइकॉनॉमिक फंडामेंटल की बात कर रही हैं, वह कुछ और है। मुझे नहीं लगता कि वित्त मंत्री को भारत की अर्थव्यवस्था में क्या हो रहा है, इसकी कोई समझ है। उनको इसकी शून्य समझ। वह वहां एक मुखपत्र के रूप में। उन्होंने कहा कि विपक्ष कानूनी ढांचा, न्यायिक संरचना, चुनावी संरचना के बल पर लड़ती है। यह सब ढांचे सरकार का समर्थन कर रहे हैं क्योंकि सरकार ने अपने लोग इन संस्थानों में बैठा रखे हैं। हिंदुस्तान का कोई भी संस्थान स्वतंत्र नहीं है, वह RSS के नियंत्रण में है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि महंगाई, बेरोज़गारी और समाज को जो बांटा जा रहा है उसका मुद्दा संसद में उठाना चाहते हैं लेकिन हमें बोलने नहीं दिया जाता। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्या हो रही है। इस देश ने 70 साल में बनाया उसको 8 साल में खत्म कर दिया गया। आज हिंदुस्तान में लोकतंत्र नहीं है बल्कि 4 लोगों की तानाशाही है।  मैं जितना लोगों की आवाज़ उठाता हूं, जितना सच बोलता हूं उतना ज़्यादा मुझ पर हमला किया जाता है। मैं लोकतंत्र के लिए खड़े होने का अपना काम करता रहूंगा। यह बात समझ लीजिए कि जो धमकाता है वह डरता है।

Leave a comment