बिहार चुनाव की तैयारियां तेज, जून में चुनाव आयोग की टीम करेगी दौरा, दो से तीन चरणों में होगा मतदान

बिहार चुनाव की तैयारियां तेज, जून में चुनाव आयोग की टीम करेगी दौरा, दो से तीन चरणों में होगा मतदान

Bihar Assembly Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की तैयारियां अब तेज हो चुकी हैं। खबरों के अनुकार चुनाव आयोग इस बार दो से तीन चरणों में मतदान कराने की योजना बना रहा है। बिहार विधानसभा का कार्यकाल 22 नवंबर 2025 को समाप्त हो जाएगा। जिसके चलते उससे पहले चुनाव प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य है। इसी क्रम में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की एक उच्चस्तरीय टीम जून के अंत तक बिहार का दौरा करेगी ताकि तैयारियों की समीक्षा की जा सके।
 
चुनाव आयोग ने इस बार कई नई सुविधाओं की घोषणा की है। अब प्रत्येक मतदान केंद्र पर अधिकतम 1200 मतदाता होंगे, जो पहले 1500 था।  आबादी वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे ताकि मतदाताओं को वोट डालने के लिए दो किलोमीटर से अधिक दूरी तय न करनी पड़े। इसके अलावा, हाई-राइज इमारतों में भी मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे। मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा, जिसमें 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी युवाओं के नाम शामिल किए जाएंगे।
 
AI की  समस्या से निपटने की तैयारी
चुनाव आयोग इस बार AI से उत्पन्न होने वाली चुनौतियों से निपटने के लिए भी तैयार है। इसके लिए जल्द ही एक विशेष सेल का गठन किया जाएगा। जो एआई से संबंधित मुद्दों पर नजर रखेगा। इसके साथ ही, बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) को पहचान पत्र प्रदान किए जाएंगे ताकि वे घर-घर जाकर मतदाता सत्यापन का कार्य सही रूप से कर सकें।
 
बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें दीपावली (29 अक्टूबर 2025) और छठ पूजा (2-5 नवंबर 2025) को ध्यान में रखकर तय की जाएंगी। संभावना है कि मतदान अक्टूबर के अंत या नवंबर की शुरुआत में होगा। पिछले विधानसभा चुनाव (2020) में तीन चरणों में मतदान हुआ था, जिसमें 28 अक्टूबर को 71 सीटों, 3 नवंबर को 94 सीटों और 7 नवंबर को 78 सीटों पर वोट डाले गए थे। इस बार भी इसी तरह का चरण अपनाया जा सकता है।
 
राजनीतिक हलचल और तैयारियां
बिहार में राजनीतिक दलों ने भी अपनी तैयारियां शुरू कर दी हैं। राष्ट्रीय जनता दल (राजद), भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), जनता दल (यूनाइटेड) और अन्य दल अपनी रणनीतियों को अंतिम रूप दे रहे हैं। प्रशासनिक स्तर पर भी तैयारियां जोरों पर हैं। निर्वाचन आयोग ने एक एकीकृत डिजिटल डैशबोर्ड, ECINET, लॉन्च करने की योजना बनाई है, जो 40 अलग-अलग ऐप्स और वेबसाइटों की जगह लेगा।  विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर उत्साह चरम पर है। चुनाव आयोग की सक्रियता और नई सुविधाओं के साथ, इस बार मतदाताओं को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है। जैसे ही तारीखों की आधिकारिक घोषणा होगी, बिहार में आदर्श आचार संहिता लागू हो जाएगी, और सियासी माहौल और गर्म हो जाएगा।

Leave a comment