Uttarakhand Challan News: उत्तराखंड पुलिस की सघन चेकिंग अभियान के दौरान यूपी सरकार के राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ‘मन्नू कोरी’की स्कॉर्पियो पकड़ी गई, जिसमें अवैध रूप से काली फिल्म चढ़ाई गई थी, आगे विधायक का बोर्ड लगा हुआ था और हूटर भी फिट किया गया था। पुलिस ने गाड़ी को मौके पर ही सीज कर चालान काटा और सभी अवैध सामान हटवा दिए। बता दें, ये गाड़ी उनका बेटा चला रहा था। जानकारी के अनुसार, शनिवार को मंत्री पुत्र सुरेंद्र कुमार अपने चार दोस्तों के साथ हूटर बजाते हुए बद्रीनाथ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रैफिक पुलिस के दरोगा अनिल रावत की नजर स्कॉर्पियो पर पड़ी, जिसके बाद वाहन को रोककर जांच की गई।
नंबर प्लेट के ऊपर लिखा 'विधायक'
जांच में गाड़ी में पांच युवक सवार मिले और गाड़ी पर नंबर प्लेट के ऊपर बड़े अक्षरों में ‘विधायक’ लिखा हुआ था। पूछताछ में सुरेंद्र कुमार ने बताया कि उनके पिता यूपी सरकार में राज्यमंत्री हैं। इस पर पुलिस अधिकारियों ने उनसे सवाल किया कि जब गाड़ी में कोई विधायक मौजूद नहीं है तो फिर विधायक बोर्ड और हूटर का इस्तेमाल क्यों किया जा रहा है। इस पर बेटे ने जवाब दिया कि ट्रैफिक से बचने के लिए हूटर लगवाया गया था।
Also read: Uttarakhand News: CM धामी ने हरिद्वार में नव निर्मित आनंद धर्मशाला ट्रस्ट का किया लोकार्पण, बोले - श्रद्धालुओं की सुविधा...
इस पर अधिकारियों ने कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि संबंधित व्यक्ति के बिना इस तरह हूटर बजाकर चलना पूरी तरह गलत है। जिसके बाद पुलिस ने कड़ी कार्रवाई करते हुए गाड़ी का एक हजार रुपये का चालान किया, हूटर उतरवाया और नंबर प्लेट के ऊपर लिखा ‘विधायक’ भी ढकवाया। कार्रवाई के बाद मंत्री पुत्र और उनके साथी बद्रीनाथ के लिए रवाना हो गए।