IND vs BAN- टेस्ट में मयंक अग्रवाल ने जड़ा तीसरा शतक

IND vs BAN- टेस्ट में मयंक अग्रवाल ने जड़ा तीसरा शतक

भारतीय ओपनर मयंक अग्रवाल ने बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज के पहले टेस्ट मैच के दूसरे दिन शुक्रवार को शानदार शतक जड़ा। उन्होंने इबादत हुसैन की गेंद पर दो रन दौड़ने के साथ अपने टेस्ट करियर का तीसरा शतक पूरा किया।

करियर का 8वां टेस्ट मैच खेलते हुए मयंक ने 183 गेंदों पर अपनी सेंचुरी पूरी की। तब टीम इंडिया का स्कोर 3 विकेट पर 206 रन था।

इसके बाद उन्होंने पारी के 77वें ओवर की तीसरी गेंद पर (तैजुल इस्लाम के ओवर में) चौका लगाकर 150 रन पूरे कर लिए। उन्होंने इसके लिए 234 गेंद खेलीं और 21 चौके, 3 छक्के लगाए।

इससे पहले मयंक ने इबादत हुसैन के पारी के 60वें ओवर की पहली ही गेंद पर चौका लगाया और अपना स्कोर 99 रन पहुंचाया। इसके बाद तीसरी गेंद पर दो रन दौड़कर पूरे करते हुए सेंचुरी पूरी की। मयंक ने शतक के लिए 15 चौके और 1 छक्का जड़ा। वह सेंचुरी पूरी करते ही जश्न मनाने लगे और टीम साथी अजिंक्य रहाणे को गले लगाया। भारत ने इस मैच में पहले ही दिन बांग्लादेश को 150 रन पर ऑलआउट कर दिया था।

मयंक ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले साल दिसंबर में डेब्यू किया था। उन्होंने 26 दिसंबर 2018 से खेले गए अपने डेब्यू मैच में 76 और 42 रन की पारियां खेली थीं। उन्होंने पहली पारी में चेतेश्वर पुजारा के साथ दूसरे विकेट के लिए 83 रन की साझेदारी भी की थी। इस मैच को भारत ने 137 रन से जीता था।

मयंक अग्रवाल ने पिछले महीने अक्टूबर 2019 विशाखापत्तनम में साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए सीरीज के पहले टेस्ट मैच में 215 रन की दोहरी शतकीय पारी खेली थी। यह उनके करियर का पहला दोहरा शतक और दूसरा शतक था।

उन्होंने इस मैच में 371 गेंदों का सामना किया जिनमें 23 चौके और 6 छक्के लगाए। 2 अक्टूबर से खेला गया यह मुकाबला भारत ने 203 रन से जीता था जिसमें रोहित शर्मा ने 176 और 127 रन की पारियां खेली थीं।

Leave a comment