Delhi Fire Accident: दिल्ली के रिठाला मेट्रो स्टेशन के पास मंगलवार शाम एक प्लास्टिक और कपड़ा प्रिंटिंग फैक्ट्री में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। इस दुखद हादसे में चार लोगों की जान चली गई। दमकल विभाग के अनुसार, आग पर काबू पाने के बाद फैक्ट्री की तलाशी में चार जले हुए शव बरामद किए गए, जिन्हें आगे की कार्रवाई के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय लोगों में इस घटना से दहशत का माहौल है।
आग पर काबू पाने में दमकल विभाग की कड़ी मशक्कत
दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि आग मंगलवार शाम 7:25 बजे लगी थी। डिविजनल फायर ऑफिसर एके जायसवाल के अनुसार, फैक्ट्री में प्लास्टिक और कपड़ों पर प्रिंटिंग का काम होता था। आग की सूचना मिलते ही दमकल की 15-16 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन ऊपरी मंजिलों तक पहुंचना मुश्किल था। बाद में दूसरी और तीसरी मंजिल की तलाशी में तीन जले हुए शव मिले। स्थानीय लोगों ने बताया कि 2-3 लोगों को अस्पताल ले जाया गया।
अवैध रूप से चल रही थी फैक्ट्री
अधिकारियों ने बताया कि यह फैक्ट्री चार मंजिला इमारत में अवैध रूप से संचालित हो रही थी। सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण यह हादसा और भी भयावह हो गया। आग पर काबू पाने के लिए दमकल कर्मियों को जेसीबी मशीन की मदद से इमारत में तीन बड़े छेद करने पड़े ताकि धुएं से बचाव हो सके और लोगों को निकाला जा सके।
हादसे ने उठाए सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की फैक्ट्रियां बिना उचित अनुमति के चल रही हैं, जिससे ऐसी दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है। पुलिस और प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फैक्ट्री मालिक के खिलाफ कार्रवाई की बात कही जा रही है।